झारखंड: NIA ने पीएलएफआइ सुप्रीमो के लेवी के पैसे का इन्वेस्ट करने वाले इंजीनियर को रांची में दबोचा
नक्सलियों को टेरर फंडिंग की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआइ) के सुप्रीमो दिनेश गोप के लेवी के पैसों को इन्वेस्ट करने वाले जितेंद्र कुमार को रांची से अरेस्ट कर लिया है. एनआइए की टीम ने जितेंद्र को जगन्नाथपुर सिंह मोड़ के प्रेम नगर रोड स्थित प्रेम नगर शकुंतला कुंज अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 105-ए से उसके घर से पकड़ी है. एनआइए स्पेशल कोर्ट में पेशी के बाद जीतेंद्र को तीन जुलाई तक के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी में जेल भेज दिया गया है. एनआइए जीतेंद्र को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. बीटेक पास जितेंद्र दिनेश गोप को लेवी वसूली में भी सहयोग करता था. दिनेश की लेवी की रकम को जीतेंद्र ही इन्वेस्ट करता था. हाइप्रोफाइल फैमिली का जितेंद्र की वाइफ डॉक्टर जितेंद्र बीटेक पास है. जीतेंद्र का वाइफ डॉ नीलू चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉक्टर है. डा नीलू अपने छह माह के बच्चे के साथ अभी डोरंडा के साउथपाड़ा में अपने मायके में रह रही है.जितेंद्र के पिता लक्ष्मण राम पुरुलिया के निवासी हैं. बताया जाता है कि जीतेंद्र कुछ दिन अपनी वाइफ के साथ बेटी दिव्या से मिलने छह माह की वीजा पर इंग्लैंड गये हुए थे. जीतेद्र का छोटा भाई टिंकू भी रांची में उसी फ्लैट में रहता है, जहां से जितेंद्र को पकड़ा गया. पुलिस ने नोटबंदी के दौरान बेड़ो में दिनेश गोप के 25 लाख रुपये पुलिस ने पकड़े थे. इसी मामले की एनआइए जांच में कई अहम खुलासे हुए है. इसी कड़ी में एनआइए ने जितेंद्र को दबोची है. एनआइए दिनेश से जुड़े विनोद कुमार, यमुना प्रसाद, चंद्रशेखर कुमार, नंदकिशोर और मोहन कुमार को पहले ही अरेस्ट कर जेल भेज चुकी है. पीएलएफआइ सुप्रीमो दिनेश गोप अब भी फरार है.




