वैशाली में बारात पर बदमाशों का हमला, पिस्तौल और फाइटर से बारातियों को पीटा; दुल्हन के जेवर और स्कॉर्पियो लूटी

वैशाली के राघोपुर में बारात पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दुल्हन के डेढ़ लाख रुपये के जेवर और स्कॉर्पियो लूट ली। पिस्तौल और फाइटर से बारातियों की पिटाई में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वैशाली में बारात पर बदमाशों का हमला, पिस्तौल और फाइटर से बारातियों को पीटा; दुल्हन के जेवर और स्कॉर्पियो लूटी
वैशाली में बारात पर फिल्मी अंदाज में हमला।

Advertisement

    HighLights

  • राघोपुर में हथियारबंद बदमाशों ने बारात की गाड़ी को ओवरटेक कर हमला किया
  • पिस्तौल और फाइटर से बारातियों की पिटाई, दो लोग गंभीर रूप से घायल
  • दुल्हन के करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और स्कॉर्पियो लूटकर फरार हुए बदमाश

हाजीपुर (Threesocieties.com Desk): बिहार में वैशालीजिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक बारात पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर शादी की खुशियों को दहशत में बदल दिया। दर्जनों अपराधियों ने बारात की गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और पिस्तौल तथा फाइटर के बल पर बारातियों के साथ मारपीट करते हुए दुल्हन के करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और स्कॉर्पियो गाड़ी लूटकर फरार हो गए। घटना में दो बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर हिमांशु सिंह हत्याकांड: प्रशासन का बड़ा एक्शन,'डबल डाउन' बार सील, बिष्टुपुर थाना प्रभारी सस्पेंड

जानकारी के अनुसार, पटना जिले के कंगन घाट से बारात राघोपुर थाना क्षेत्र के सैदाबाद गांव स्थित भोला राय के घर जा रही थी। रात करीब 11 बजे रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के भरत चौक के पास से एक सफारी गाड़ी और बाइक पर सवार बदमाशों ने बारात का पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों को पीछा करते देख बारातियों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि बाराती बदमाशों से बचने के लिए लोहा पुल की ओर जाने के बजाय मलिकपुर ईंट भट्ठा की तरफ तेजी से बढ़ने लगे, लेकिन अपराधियों ने पीछा नहीं छोड़ा। मलिकपुर ईंट भट्ठा के पास पहुंचते ही बदमाशों ने बारात की गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और हथियार लहराते हुए हमला बोल दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने पिस्तौल और फाइटर से बारातियों की बेरहमी से पिटाई की। हमले के दौरान दूल्हा किसी तरह गाड़ी से उतरकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वहीं दूल्हे के चचेरे बहनोई रामकृष्ण कुमार और सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

बदमाशों ने मारपीट के बाद दुल्हन के करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर, दोनों घायलों के सोने के बजरंगबली लॉकेट और उजाला रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी लूट ली। इसके बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल रामकृष्ण कुमार ने बताया कि बारात बुद्धू राय के पुत्र की थी और सैदाबाद जा रही थी। उनके अनुसार 15 से 20 की संख्या में आए अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने रुस्तमपुर निवासी विकास कुमार समेत अन्य लोगों पर मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही अन्य बाराती मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।राघोपुर थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गाड़ी साइड देने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पीड़ित पक्ष द्वारा लूटपाट और मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।