नई दिल्ली: एमएलए अलका लांबा ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, कांग्रेस ज्वाइन करने की अटकलें

Advertisement

नई दिल्ली:

दिल्ली में सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) की बागी एमएलए अलका लांबा अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस में वापसी करने की तैयारी में हैं. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से काफी दिनों से नाराज चल रहीं अलका लांबा ने मंगलवार को कांग्रेस प्रसिडेंट सोनिया गांधी से मुलाकात की. अब कयास लगाया जा रहा है कि हो सकता है कि एक-दो दिनों में अलका लांबा विधिवत कांग्रेस ज्वाइन कर लें. चांदनी चौक से AAP विधायक अलका लांबा मंगलवार दोपहर सोनिया गांधी के निवास 10 जनपथ मुलाकात की. सोनिया से मुलाकात के बाद अलका लांबा ने ट्वीट किया है- 'सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष ही नहीं यूपीए की चेयरपर्सन भी हैं और सेकुलर विचारधारा की एक बहुत बड़ी नेता भी. देश के मौजूदा हालात पर उनसे काफी समय से चर्चा Due थी.आज मौक़ा मिला तो हर मुद्दे पर खुल कर बात हुई. राजनीति में ये विमर्श का दौर चलता रहता है और चलते रहना चाहिए.' उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी में शामिल होने से पहले अल्का लांबा कांग्रेस पार्टी की सक्रिय सदस्य रह चुकी हैं. वह 90 के दशक में नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) की नेता के तौर पर दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र इकाई के अध्यक्ष पद का चुनाव जीत चुकी हैं.दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में चुनावों से ठीक पहले अल्का लांबा कांग्रेस पार्टी का दामन थाम सकती हैं. कांग्रेस को भी ऐसे तेज तर्रार नेता की दरकार है.