विश्व योग दिवस पर धनबाद में आरोग्य भारती का बड़ा अभियान, दो स्थानों पर होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम

धनबाद के कुसुम विहार स्थित आरोग्य भारती कार्यालय में हुई बैठक में 21 जून विश्व योग दिवस पर दो स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन विस्तार के तहत नए पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई।

विश्व योग दिवस पर धनबाद में आरोग्य भारती का बड़ा अभियान, दो स्थानों पर होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम
धनबाद में आरोग्य भारती का विस्तार।

Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): आरोग्य भारती धनबाद जिला एवं महानगर की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कुसुम विहार स्थित आरोग्य भारती कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक विस्तार, स्वास्थ्य जागरूकता और आगामी विश्व योग दिवस कार्यक्रमों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में आरोग्य भारती के प्रदेश सचिव जयप्रकाश नारायण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे और संगठन के विभिन्न आयामों पर मार्गदर्शन दिया।

यह भी पढ़ें: चंदनकियारी की बदलेगी तस्वीर: पर्वतपुर-सीतानाला कोल ब्लॉक को मिला खनन पट्टा, हजारों रोजगार का रास्ता साफ

बैठक में 21 जून को मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस के अवसर पर धनबाद में दो प्रमुख स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार पहला आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय, जगजीवन नगर में तथा दूसरा कार्यक्रम सामुदायिक भवन, कोयला नगर में आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से आम लोगों को योग के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में संगठन के विस्तार और जनसंपर्क गतिविधियों को मजबूत करने पर भी विशेष चर्चा हुई। सर्वसम्मति से विकास ओझा को धनबाद जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता गतिविधियों को गति देने के लिए अनिल कुमार शर्मा को पर्यावरण आयाम का जिला संयोजक मनोनीत किया गया।

प्रदेश सचिव जयप्रकाश नारायण सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में प्रांत पर्यावरण प्रमुख अरुण कुमार राय, जिला अध्यक्ष डॉ. विकास रमन, दिनेश प्रसाद सिंह, बिंदेश्वरी प्रसाद, यतेंद्रनाथ ठाकुर, लालटू प्रमाणिक, अजय सिन्हा, दीपक जी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा।