Dhanbad Nagar Nigam Chunav 2026: चुनाव से पहले BJP को झटका, पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल झामुमो में शामिल

धनबाद नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल ने भाजपा छोड़कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झामुमो जॉइन कर लिया।

Dhanbad Nagar Nigam Chunav 2026: चुनाव से पहले BJP को  झटका, पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल झामुमो में शामिल
धनबाद में जेएमएम को मिली मजबूती।

धनबाद(Threesocieties.com Desk)। झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। धनबाद के पूर्व मेयर और भाजपा के कद्दावर नेता चंद्रशेखर अग्रवाल उर्फ शेखर अग्रवाल ने पार्टी छोड़कर सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का दामन थाम लिया है।

यह भी पढ़ें: झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 : रांची में रोशनी खलको और धनबाद से संजीव अग्रवाल को भाजपा का समर्थन

शेखर अग्रवाल ने दुमका में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ शेखर अग्रवाल, मंच पर टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी रहे मौजूद।

मेयर पद के उम्मीदवार हैं शेखर अग्रवाल

शेखर अग्रवाल झारखंड प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति के सदस्य रह चुके हैं और धनबाद नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं। वर्तमान में झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। शेखर अग्रवाल ने धनबाद मेयर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है, जबकि 23 फरवरी को मतदान होना प्रस्तावित है।

भाजपा के फैसले से थे नाराज

हालांकि झारखंड में नगर निकाय चुनाव निर्दलीय आधार पर कराए जा रहे हैं, लेकिन राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों को जिताने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। भाजपा ने धनबाद मेयर सीट से संजीव अग्रवाल को समर्थन देने का फैसला किया था। पार्टी के इसी निर्णय से शेखर अग्रवाल नाराज बताए जा रहे थे, जिसके बाद उन्होंने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए भाजपा छोड़ दी।

 धनबाद झामुमो नेताओं का मिला पूरा समर्थन

हर वर्ष दो फरवरी को दुमका में झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम के दौरान शेखर अग्रवाल ने औपचारिक रूप से झामुमो की सदस्यता ली।इस मौके पर धनबाद के कई प्रमुख झामुमो नेता भी मौजूद रहे, जिनमें— टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश टुडू, वरिष्ठ नेता देबू महतो सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।

 राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत

शेखर अग्रवाल के झामुमो में शामिल होने से धनबाद नगर निगम चुनाव का राजनीतिक समीकरण बदलता नजर आ रहा है। इसे भाजपा के लिए बड़ा झटका और झामुमो के लिए अहम मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।