धनबाद को एयरपोर्ट की उड़ान! सांसद ढुलू महतो की दिल्ली में बड़ी पहल, केंद्रीय मंत्री ने मांगा झारखंड सरकार से जवाब

धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर सांसद ढुलू महतो ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजारापु से मुलाकात की। मंत्री ने झारखंड सरकार से भूमि उपलब्धता पर जवाब तलब करने का आश्वासन दिया।

धनबाद को एयरपोर्ट की उड़ान! सांसद ढुलू महतो की दिल्ली में बड़ी पहल, केंद्रीय मंत्री ने मांगा झारखंड सरकार से जवाब
नागरिक उड्डयन मंत्री से मिले ढुलू महतो।

नई दिल्ली/धनबाद(Threesocieties.com Desk): कोयलांचल के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजारापु से मुलाकात कर धनबाद में बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट निर्माण की मांग को जोरदार तरीके से उठाया।

यह भी पढ़ें: 24 घंटे में बदला हाईकोर्ट का फैसला: Rahul Gandhi के खिलाफ FIR पर लगी रोक, नोटिस के बिना कार्रवाई नहीं

इस दौरान सांसद ने मंत्री को एक विस्तृत अनुस्मारक पत्र भी सौंपा, जिसमें धनबाद में एयरपोर्ट की आवश्यकता और इससे जुड़े विकास के पहलुओं को विस्तार से रखा गया।

यह भी पढ़ें:धनबाद में एयरपोर्ट के लिए सांसद ढुलू महतो का अल्टीमेटम—21 अप्रैल से सड़क पर उतरेगी जनता

औद्योगिक और शैक्षणिक हब को चाहिए एयर कनेक्टिविटी

सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि धनबाद न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का एक प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र है। यहां Indian Institute of Technology (Indian School of Mines), Dhanbad, Central Institute of Mining and Fuel Research, Bharat Coking Coal Limited, Tata Group, Steel Authority of India Limited, Binod Bihari Mahto Koyalanchal University, Hindustan Urvarak & Rasayan Limited जैसे प्रतिष्ठित संस्थान मौजूद हैं।

इसके बावजूद धनबाद अब तक हवाई सेवाओं से वंचित है, जिससे उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़े लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

एयरपोर्ट से खुलेगा विकास का नया रास्ता

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट बनने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इससे झारखंड के इस अहम क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर पहचान मिल सकेगी।

केंद्रीय मंत्री का सकारात्मक रुख

मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू किंजारापु ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए झारखंड सरकार से भूमि उपलब्धता को लेकर जवाब तलब किया जाएगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि यदि राज्य सरकार आवश्यक जमीन उपलब्ध कराती है, तो केंद्र सरकार इस दिशा में आगे की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएगी।

अब नजर राज्य सरकार के कदम पर

धनबाद एयरपोर्ट को लेकर वर्षों से मांग उठती रही है, लेकिन जमीन उपलब्धता और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण यह परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई। अब केंद्रीय स्तर पर पहल के बाद नजर झारखंड सरकार के अगले कदम पर टिकी है। अगर यह परियोजना साकार होती है, तो धनबाद और आसपास के जिलों के लिए यह एक गेमचेंजर साबित हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि सांसद ढुलू महतो ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग रखी थी। एमपी की पहल पर मामले में पीएमओ भी सक्रिय है। एमपी ने दावा किया है कि राज्य सरकार अगर जमीन उपलब्ध करा दे तो चालू वर्ष में ही एयरपोर्ट का शिलान्यास कराया जा सकता है।