झारखंड: बाबूलाल मरांडी ने पुलिस पर उठाए सवाल, निकाय चुनाव में केंद्रीय बल तैनाती और EVM से मतदान की मांग
झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार की मंशा और पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने ईवीएम से मतदान और सभी बूथों पर केंद्रीय पारा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की मांग की।
गिरिडीह (Threesocieties.com Desk)। झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की मंशा और पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय कई तरह की गड़बड़ियों को जन्म दे सकता है, इसलिए चुनाव ईवीएम से कराया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के मालिक विनय सिंह जेल से रिहा, चार मामलों में घिरे कारोबारी को सुप्रीम कोर्ट से मिली बेल
बरगंडा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मरांडी ने कहा कि बैलेट पेपर से मतदान कराने के फैसले से राज्य सरकार की नीयत पर संदेह होता है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने हैं तो ईवीएम का उपयोग आवश्यक है।
पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल, केंद्रीय बल की मांग
मरांडी ने कहा कि उन्हें भरोसा नहीं है कि झारखंड पुलिस पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न करा पाएगी। ऐसे में राज्य सरकार को केंद्र सरकार से सेंट्रल पारा मिलिट्री फोर्स की मांग करनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी पोलिंग बूथों पर केंद्रीय बलों की तैनाती हो, ताकि मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सकें। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग को भी केंद्र से सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए पहल करनी चाहिए।
हाईकोर्ट के आदेश पर हो रहे चुनाव?
मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार मूल रूप से नगर निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी, लेकिन उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद लाचार होकर चुनाव कराये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की अनिच्छा और बैलेट पेपर से मतदान का निर्णय कई सवाल खड़े करता है।
गिरिडीह में डॉ. शैलेंद्र को भाजपा का समर्थन
भले ही नगर निकाय चुनाव औपचारिक रूप से गैर-दलीय आधार पर हो रहे हों, लेकिन भाजपा ने अपने समर्थित प्रत्याशियों को मैदान में उतारने का फैसला किया है। मरांडी ने बताया कि गिरिडीह मेयर पद के लिए डॉ. शैलेंद्र चौधरी को समर्थन दिया गया है और पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके पक्ष में सक्रिय हैं। उन्होंने पार्टी में फूट की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है। जो नेता अन्य कारणों से चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हें मनाने का प्रयास जारी है।
मौजूद रहे ये नेता
इस मौके पर महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, अशोक उपाध्याय,भाजपा नेता नुनूलाल मरांडी, नवीन सिन्हा तथा लोजपा नेता राज कुमार राज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।






