बिहार पुलिस में महाबदलाव: 16 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर, सुधांशु कुमार बने ADG लॉ एंड ऑर्डर
बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 वरिष्ठ IPS अधिकारियों का तबादला किया है। सुधांशु कुमार को ADG लॉ एंड ऑर्डर, विकास वैभव को मगध IG और अमित लोढ़ा को तकनीकी सेवाएं एवं संचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानिए किस अधिकारी को मिली कौन-सी नई पोस्टिंग।
- DG से IG तक बड़े स्तर पर तबादले, कई अफसरों को नई जिम्मेदारी
विकास वैभव की फील्ड में वापसी, मगध रेंज के IG बने
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार में सम्राट चौधरी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग की ओर से रविवार को जारी अधिसूचना में कई अहम पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इस फेरबदल को बिहार पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में ‘थलापति राज’ की शुरुआत, विजय बने CM; राहुल गांधी की मौजूदगी ने बढ़ाई सियासी हलचल

सबसे अहम बदलाव राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) सुधांशु कुमार को लेकर हुआ है। उन्हें अब बिहार का नया एडीजी विधि-व्यवस्था बनाया गया है। वहीं चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव की फील्ड पोस्टिंग करते हुए उन्हें मगध क्षेत्र (गया) का पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है।

नैयर हसनैन खान को बीसैप की जिम्मेदारी
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में तैनात नैयर हसनैन खान को हटाकर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप) भेजा गया है। वहीं मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के एडीजी डॉ. अमित कुमार जैन को आर्थिक अपराध इकाई का नया एडीजी बनाया गया है।

परेश सक्सेना बने DG असैनिक सुरक्षा
1994 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी परेश सक्सेना को असैनिक सुरक्षा विभाग में पुलिस महानिदेशक (DG) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे इसी विभाग में एडीजी पद पर कार्यरत थे। तकनीकी सेवाएं एवं संचार के एडीजी निर्मल कुमार आजाद को अब पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) बनाया गया है।
अमित लोढ़ा को मिली नई जिम्मेदारी
चर्चित आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग से हटाकर एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है। वहीं एडीजी प्रोविजनिंग अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण की जिम्मेदारी दी गई है। एडीजी (प्रशिक्षण) संजय सिंह अब एडीजी (बजट, अपील एवं कल्याण) होंगे, जबकि डॉ. कमल किशोर सिंह को रेलवे में एडीजी बनाया गया है।
साइबर और CID में भी बदलाव
एडीजी सुरक्षा अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का एडीजी नियुक्त किया गया है। गृह विभाग (विशेष शाखा) के विशेष सचिव केएस अनुपम को अपराध अनुसंधान विभाग में एडीजी (कमजोर वर्ग) बनाया गया है। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के आईजी रंजीत कुमार मिश्र अब अपराध अनुसंधान विभाग के आईजी होंगे। वहीं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के आईजी संजय कुमार को विशेष शाखा का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।
विकास वैभव की फील्ड में वापसी
बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी की जिम्मेदारी संभाल रहे विकास वैभव को अब मगध क्षेत्र का आईजी बनाया गया है। उनकी फील्ड में वापसी को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा निर्णय माना जा रहा है। वहीं रेलवे आईजी पी. कन्नन को आईजी प्रोविजनिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिहार पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल को कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






