पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ा खुलासा, यूपी-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में बंगाल STF को बड़ी सफलता मिली है। यूपी के बलिया निवासी राज सिंह समेत तीन आरोपितों को अयोध्या और बिहार के बक्सर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की साजिश और शूटर नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ा खुलासा, यूपी-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार
चंद्रनाथ व राजा सिंह (फाइल फोटो)।

लखनऊ/कोलकाता (Threesocieties.com Desk) : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के पांच दिन बाद STF ने बिहार से दो और उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बलिया निवासी राज सिंह का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है, जिसे पेशेवर शूटर बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: झारखंड: जमशेदपुर में रिश्तों का कत्ल: पिता ने पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी को उतारा मौत के घाट,आरोपी पिता गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, बंगाल STF और अयोध्या पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राज सिंह को अयोध्या हाईवे के पास से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक वह वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदल रहा था और लखनऊ में एक शादी समारोह से लौटते समय STF के हत्थे चढ़ गया। देर रात उसे कोलकाता ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

कौन है राज सिंह?

राज सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के आनंद नगर इलाके का रहने वाला है। वह खुद को समाजसेवी बताता रहा है और वार्ड नंबर 15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। हालांकि उसका नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। कुछ वर्ष पहले सदर कोतवाली क्षेत्र में अंडा विक्रेता को गोली मारने के मामले में भी वह आरोपी रह चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राज सिंह को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वहां ताला बंद मिला। बताया जा रहा है कि उसने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से पढ़ाई की है, लेकिन बाद में उसका नाम अपराध की दुनिया से जुड़ गया।

बिहार से भी दो आरोपी हिरासत में

STF ने बिहार के बक्सर जिले से मयंक राज मिश्रा और कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार किया है। विशाल श्रीवास्तव बक्सर का हिस्ट्रीशीटर और मोस्ट वांटेड अपराधी बताया जाता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने भागने के दौरान एक टोल प्लाजा पर यूपीआई पेमेंट किया था, जिससे उनकी लोकेशन ट्रैक करने में जांच एजेंसियों को मदद मिली। बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी इलाके में STF ने छापेमारी कर विशाल श्रीवास्तव को दबोचा। इसके बाद तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए कोलकाता रवाना कर दिया गया।

यूपी के कई जिलों में STF की छापेमारी

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच करते हुए बंगाल STF की टीम उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक पहुंची। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों के आधार पर STF की टीम बदायूं और संभल भी गई थी। वहां कई युवकों से पूछताछ की गई। हालांकि यूपी पुलिस ने आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।

कैसे हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या?

छह मई की रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि चार मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हमलावरों ने उनकी कार का पीछा किया और बेहद करीब से गोलियां बरसा दीं।हमलावरों ने कार को रोककर दूसरी तरफ से फायरिंग की। घटना के समय रथ ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे। हमले के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जांच के दौरान एक बाइक और कार बरामद की थी। साथ ही मोबाइल टावर डेटा की जांच में कुछ नंबर उत्तर प्रदेश के मिले थे, जिसके बाद जांच का दायरा यूपी तक बढ़ा।

सुवेंदु अधिकारी ने बताया पूर्व नियोजित हत्या

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना को पूर्व नियोजित साजिश करार दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बंगाल पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की साजिश, राजनीतिक एंगल और अपराधियों के नेटवर्क की जांच में जुटी है।सूत्रों का कहना है कि जल्द ही बंगाल CID इस पूरे मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है।