मुंबई में ‘हरा ड्रम कांड’! प्रेमी को मौत के घाट उतार नाले में फेंकी लाश, महिला समेत दो गिरफ्तार
मुंबई के मुंब्रा में दिल दहला देने वाला ‘हरा ड्रम कांड’ सामने आया है। महिला ने पति और भाई के साथ मिलकर अपने प्रेमी अरबाज की हत्या कर दी और शव को हरे ड्रम में बंद कर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति फरार है।
- प्रेमिका ने पति-भाई संग रची खौफनाक साजिश
- मुंब्रा में प्रेमी की हत्या कर ड्रम में बंद की लाश, नाले से बरामद शव
- प्रेमी को बुलाया, पाइप से पीट-पीटकर मार डाला, फिर ड्रम में भरकर फेंका शव
- महिला ने पति और भाई संग मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट
मुंबई (Threesocieties.com Desk): देश में चर्चित मेरठ ‘नीला ड्रम कांड’ की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि अब मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके से एक और खौफनाक ‘ड्रम मर्डर केस’ सामने आ गया है। इस बार हत्या का शिकार पति नहीं, बल्कि प्रेमिका का प्रेमी बना। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर पहले प्रेमी को जाल में फंसाया, फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी और शव को हरे रंग के ड्रम में बंद कर नाले में फेंक दिया।
यह भी पढ़ें:दिल्ली में खुला देश का पहला ‘नो-स्टॉप’ टोल! बिना रुके कटेगा टैक्स, FASTag नहीं तो घर पहुंचेगा चालान
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिश में शामिल पति और एक अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
दादर जाने की बात कहकर निकला था अरबाज
मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान घर से यह कहकर निकला था कि वह दादर जा रहा है। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर अरबाज के पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुरुआत में मामला एक सामान्य मिसिंग केस लग रहा था, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ी, कहानी बेहद डरावनी होती चली गई।
मोबाइल लोकेशन से खुला हत्या का राज
मुंब्रा पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू करते हुए अरबाज की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मोबाइल लोकेशन खंगाली। जांच में पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन मुंबई के वर्सोवा इलाके में थी। इसी दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि अरबाज की कथित प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी समय उसी इलाके में मौजूद थी। शक गहराने पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लिया।शुरुआत में मेहजबीन पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पैसे के लालच में रची गई मौत की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से पैसे ऐंठने और उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। साजिश के तहत अरबाज को पैसों के बहाने वर्सोवा बुलाया गया। वहां पहले उससे पैसों को लेकर विवाद हुआ और फिर आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि अरबाज के हाथ-पैर बांधकर उसे प्लास्टिक के भारी पाइप से बेरहमी से पीटा गया। लगातार हमले के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को हरे ड्रम में बंद कर नाले में फेंका
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए बेहद खौफनाक तरीका अपनाया। बाजार से एक बड़ा हरा ड्रम लाया गया और अरबाज के शव को उसमें ठूंस दिया गया। इसके बाद शव से भरे ड्रम को मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया गया, ताकि किसी को हत्या की भनक न लगे। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार पूछताछ ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने नाले से शव बरामद कर लिया है।
महिला और भाई गिरफ्तार, पति फरार
मुंब्रा पुलिस ने मुख्य आरोपी मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, महिला का पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजम्मल पठान अभी फरार हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
मेरठ ‘नीला ड्रम कांड’ जैसी वारदात से दहशत
इस घटना ने लोगों को मेरठ के चर्चित ‘नीले ड्रम कांड’ की याद दिला दी है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को ड्रम में छिपा दिया था। अब मुंबई का यह ‘हरा ड्रम कांड’ भी उसी तरह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर हैरानी और गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।






