धनबाद में 16 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे, बलियापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी

धनबाद के बलियापुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रखितपुर रेलवे गुमटी के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोचा।

धनबाद में 16 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे, बलियापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी
बलियापुर पुलिस का एक्शन, करोड़ों के नशे के नेटवर्क की जांच शुरू।

     HighLights:

  • बलियापुर पुलिस ने 16 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया
  • गिरफ्तार आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश के नोएडा और दूसरा सिंदरी का निवासी 
  • गुप्त सूचना के आधार पर रखितपुर रेलवे गुमटी के पास कार्रवाई की गई
  • दोनों आरोपी बैग में गांजा लेकर कुसमाटांड़ की ओर जा रहे थे
  • एसडीपीओ सिंदरी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान 8-8 पैकेट में गांजा बरामद

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धनबाद की बलियापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 16 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा अलग-अलग पैकेटों में बैग के भीतर छिपाकर ले जाया जा रहा था।

यह भी पढ़ें: बोकारो ट्रेजरी स्कैम: 10 साल पहले रिटायर SI के नाम पर निकाले 4.29 करोड़, पत्नी के खाते में भेजता रहा पैसा

सोमवार को धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस कांफ्रेस में बताया कि 29 जून की रात बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्ती और छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रखितपुर रेलवे गुमटी के आसपास दो संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर घूम रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। इसी क्रम में बलियापुर-झरिया मुख्य सड़क स्थित हनुमान मंदिर परघा के पास पुलिस टीम को दो युवक पीठ पर बैग लादे पैदल कुसमाटांड़ की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उनके बैग में गांजा रखा हुआ है। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंदरी प्रकाश चंद महतो की मौजूदगी में दोनों बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों बैगों से 8-8 पैकेट में कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार, निवासी नोएडा (उत्तर प्रदेश) तथा श्यामा कांत सिंह, निवासी सिंदरी (धनबाद) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस मामले के तार किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने की भी संभावना है।

बलियापुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी अभियान में बलियापुर थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।

मादक पदार्थों के खिलाफ धनबाद पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय तस्करों के लिए एक बड़ा संदेश मानी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।