भरत तिवारी एनकाउंटर केस: 30 सोशल मीडिया अकाउंट पर FIR, CM और पुलिस अफसरों पर आपत्तिजनक पोस्ट पड़े भारी

Bharat Tiwari Encounter Case: भोजपुर पुलिस ने भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले 30 अकाउंट्स के खिलाफ FIR दर्ज की है। AI से फर्जी कंटेंट बनाने वालों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है।

भरत तिवारी एनकाउंटर केस: 30 सोशल मीडिया अकाउंट पर FIR, CM और पुलिस अफसरों पर आपत्तिजनक पोस्ट पड़े भारी
CM और पुलिस अफसरों पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर शिकंजा।

Advertisement

     HighLights:

  • 30 सोशल मीडिया यूजर आईडी और कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ साइबर थाना में FIR दर्ज
  • मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट का आरोप
  • AI तकनीक से फर्जी फोटो-वीडियो बनाकर अफवाह फैलाने की शिकायत
  • फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब समेत कई प्लेटफॉर्म पर निगरानी तेज
  • पुलिस ने यूजर आईडी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई और पोस्ट हटाने की प्रक्रिया शुरू की
  • उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी बोले- न्यायिक जांच पूरी होने के बाद दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

आरा (Threesocieties.com Desk): भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट पर भोजपुर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। आरा साइबर थाना में 30 सोशल मीडिया यूजर आईडी धारकों, कंटेंट क्रिएटर्स और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। आरोप है कि इन अकाउंट्स के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए पोस्ट, वीडियो और अन्य सामग्री साझा की गई।

यह भी पढ़ें: धनबाद पुलिस में बड़ा एक्शन: पाथरडीह थानेदार सस्पेंड, सोनारडीह ओपी प्रभारी लाइन क्लोज; SSP ने बदले तीन थानेदार

पुलिस का कहना है कि इंटरनेट मीडिया की लगातार निगरानी के दौरान ऐसे कई फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय अकाउंट सामने आए, जिनके जरिए भड़काऊ और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही थी। इन पोस्टों का उद्देश्य समाज में बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन के प्रति अविश्वास एवं असंतोष पैदा करना बताया गया है।

AI से फर्जी फोटो-वीडियो बनाकर अफवाह फैलाने का आरोप

प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर फर्जी फोटो और वीडियो तैयार किए। इतना ही नहीं, दूसरे राज्यों की घटनाओं को भोजपुर और बिहार की घटना बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे आम लोगों को भ्रमित और भड़काने की कोशिश की गई। पुलिस ने ऐसे सभी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान शुरू कर दी है। संबंधित प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक पोस्ट हटाने और यूजर आईडी को बंद कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पहले भी दर्ज हो चुकी है एक FIR

इससे पहले उत्तर प्रदेश निवासी दीपक दीक्षित के खिलाफ भी सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने के आरोप में साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया था। भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण से जुड़ा यह दूसरा बड़ा साइबर केस माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर निगरानी और सख्त कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। जो भी व्यक्ति भ्रामक, फर्जी या समाज में तनाव फैलाने वाली सामग्री साझा करेगा, उसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी, एडिटेड वीडियो, फर्जी फोटो या भ्रामक पोस्ट को बिना सत्यापन के साझा न करें। सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें ताकि अफवाहों और भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।

उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी का बयान- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

इधर, बिलौटी कांड और भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि पूरे मामले की न्यायिक जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है और किसी भी दोषी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।

बांकीपुर उपचुनाव और NDA बैठक पर भी बोले

विजय चौधरी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर दावा किया कि विपक्ष चाहे किसी भी उम्मीदवार को उतारे, जीत एनडीए की ही होगी। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को गठबंधन की अहम बैठक होगी, जिसमें सभी जिला अध्यक्षों और राज्य सरकार के मंत्री शामिल होंगे। बैठक में सरकार के कामकाज पर फीडबैक भी लिया जाएगा।

पीर अली को श्रद्धांजलि

उप मुख्यमंत्री ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी शहीद पीर अली को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों की यातनाएं सहने के बावजूद अपने साथियों की जानकारी नहीं दी। उनका साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।