धनबाद में PM मोदी और मनुस्मृति के पुतले पर भिड़े कांग्रेसी-भाजपाई, छीना पुतला; पुलिस ने संभाला मोर्चा

धनबाद में PM मोदी और मनुस्मृति का पुतला दहन करने पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ंत हो गई। भाजपा ने पुतला छीन लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव को हिरासत में लिया।

धनबाद में PM मोदी और मनुस्मृति के पुतले पर भिड़े कांग्रेसी-भाजपाई, छीना पुतला; पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुतला दहन से पहले ही शुरू हो गई छीना-झपटी।

Advertisement

     HighLights:

  • धनबाद में युवा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर भिड़ंत
  • PM नरेंद्र मोदी और मनुस्मृति का पुतला दहन करने भाजपा कार्यालय पहुंचे थे कांग्रेसी
  • भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों से पुतला छीन लिया और प्रदर्शन को विफल कर दिया

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में सोमवार को राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन के दौरान भाजपा और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। बलियापुर रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय के बाहर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मनुस्मृति का पुतला दहन करने पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ में पुतला देखते ही भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पुतला छीनने को लेकर छीना-झपटी शुरू हो गई।

काफी देर तक चले इस घटनाक्रम में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनकर अपने साथ ले गए। इससे युवा कांग्रेस का पुतला दहन कार्यक्रम विफल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

हलद्वानी प्रकरण के विरोध में भाजपा कार्यालय पहुंचे थे कांग्रेसी

दरअसल, उत्तराखंड के हलद्वानी में हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु को हिरासत में लिए जाने के विरोध में झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सोमवार को बलियापुर रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय के समक्ष पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मनुस्मृति का पुतला लेकर उसे दहन करने का प्रयास किया। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

पुतला लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्ष

पुतला दहन की कोशिश के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में पहले नारेबाजी हुई और इसके बाद पुतला छीनने को लेकर हाथापाई जैसी स्थिति बन गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने की कोशिश की। देखते ही देखते दोनों पक्ष पुतले को लेकर एक-दूसरे से भिड़ गए। काफी देर तक पुतला इधर से उधर खींचा जाता रहा। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेसियों से पुतला छीनकर अपने साथ ले गए। पुतला हाथ से निकल जाने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उसे जला नहीं सके। घटनाक्रम के दौरान भाजपा कार्यालय के बाहर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष हिरासत में

भाजपा और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव को हिरासत में भी लिया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ समय तक दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी होती रही। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और बड़ा टकराव टल गया।

कुमार गौरव बोले- संविधान और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ किए गए व्यवहार की भी निंदा की।कुमार गौरव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र में किसी व्यक्ति के साथ उसकी जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। युवा कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस महासचिव अभिजीत राज, युवक कांग्रेस महासचिव खुर्शीद अंसारी, प्रदेश सचिव राजीव रंजन, धनबाद जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद, जिला उपाध्यक्ष तबरेज आलम, मजहर, रुस्तम, सिंदरी विधानसभा अध्यक्ष यूसुफ अली, धनबाद विधानसभा अध्यक्ष चीकू खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया दलितों को भ्रमित करने का आरोप

दूसरी ओर, भाजपा धनबाद जिला महानगर महासिुचव रुपेश सिन्हा ने कांग्रेस के प्रदर्शन को निशाने पर लिया। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति को ओछी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ड्रामा कर रहे हैं। बीजेपी ऑफिस के समीप पीएम का पुतला दहन करने की कोशिश विफल कर दी गयी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला छीन लिया।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस की झूठ और फरेब की राजनीति का जवाब दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर दलितों को भ्रमित करने की राजनीति करने का आरोप लगाया।

पुतला दहन को लेकर बढ़ा राजनीतिक टकराव

धनबाद में भाजपा कार्यालय के बाहर हुआ यह घटनाक्रम एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी को सामने लाता है। युवा कांग्रेस जहां हलद्वानी प्रकरण को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पुतला दहन कार्यक्रम का विरोध किया।पुलिस के समय पर पहुंचने से दोनों पक्षों के बीच विवाद ज्यादा नहीं बढ़ा और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि, कुछ देर तक चले पुतला छीनने के घटनाक्रम ने भाजपा कार्यालय के बाहर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।