धनबाद: जमीन कारोबारी से पांच लाख रंगदारी वसूलने आये थे प्रिंस खान के गुर्गे, पुलिस से एनकाउंटर,दो को लगी गोली

धनबाद के बरवाअड्डा में पांच लाख की रंगदारी वसूलने पहुंचे अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़। FSL टीम ने घटनास्थल से दो पिस्टल, गोली, खोखा, मोबाइल और नगद बरामद किए। दो आरोपी घायल गिरफ्तार, तीसरा फरार।

धनबाद: जमीन कारोबारी से पांच लाख रंगदारी वसूलने आये थे प्रिंस खान के गुर्गे, पुलिस से एनकाउंटर,दो को लगी गोली
रंगदारी के लिए बिछे पुलिस के जाल में फंसे अपराधी।

Advertisement

     HighLights:

  • बरवाअड्डा के कुर्मीडीह में पांच लाख रुपये की रंगदारी वसूलने पहुंचे थे अपराधी
  • पुलिस से मुठभेड़ में Prince Khan Gang के दो गुर्गों के पैर में लगी गोली
  • तीसरा आरोपी मौके से फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
  • FSL रांची की टीम ने घटनास्थल से दो पिस्टल, गोली, खोखा, मोबाइल और नगद बरामद किए

धनबाद (Threesocieties.com Desk):  बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह में पांच लाख रुपये की रंगदारी वसूलने पहुंचे कथित Prince Khan Gang के अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ की जांच तेज हो गई है। मंगलवार को FSL रांची की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर करीब एक घंटे तक वैज्ञानिक तरीके से जांच की। टीम ने मौके से दो पिस्टल, गोली, खोखा, दो मोबाइल फोन, नगद रुपये और एक बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, बरवाअड्डा क्षेत्र के एक जमीन कारोबारी से लगातार पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। कारोबारी को कथित तौर पर फोन पर धमकियां मिल रही थीं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि रंगदारी की रकम लेने के लिए अपराधियों का एक गिरोह क्षेत्र में पहुंचने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया। सोमवार देर रात निरंकारी चौक के पास पुलिस का सामना अपराधियों से हो गया। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने पुलिस वाहन की विंडशील्ड पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि उनका तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

दो पिस्टल, गोली, खोखा और मोबाइल बरामद

मुठभेड़ के बाद मंगलवार को FSL रांची की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। टीम ने घटनास्थल से दो पिस्टल, गोली और खोखा बरामद किया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, नगद रुपये और बाइक (JH 10 DK 1487) भी पुलिस के कब्जे में ली गई।जांच के दौरान मिट्टी के नमूने भी लिए गए हैं।

पुलिस को उम्मीद है कि FSL जांच और जब्त सामान की फॉरेंसिक रिपोर्ट से एनकाउंॉर की परिस्थितियों और अपराधियों की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आ सकते हैं।  जांच पूरी होने तक निरंकारी चौक से एट लेन रोड होते हुए कुर्मीडीह जाने वाली सड़क पर आवागमन रोक दिया गया था। घटनास्थल को रस्सी, बैरिकेड और फीते से घेरकर सुरक्षित रखा गया। जांच पूरी होने के बाद शाम में यातायात बहाल किया गया।

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपी SNMMCH में भर्ती

पुलिस मुठभेड़ में घायल इरफान आलम और नन्हे अंसारी उर्फ नन्हे को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। चिकित्सकीय जांच में दोनों के पैर की हड्डी को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। नन्हे अंसारी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जो हड्डी को क्षतिग्रस्त करते हुए आर-पार निकल गई। वहीं इरफान आलम के दाहिने पैर में लगी गोली से भी हड्डी को नुकसान पहुंचा है।

बताया गया कि इरफान को शुगर की समस्या होने के कारण ब्लीडिंग नियंत्रित करने में चिकित्सकों को परेशानी हुई। उसके ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर दोनों के ऑपरेशन को लेकर चिकित्सक अंतिम निर्णय लेंगे।

अस्पताल पहुंची FSL टीम, लिए फिंगर प्रिंट

घटनास्थल की जांच के बाद FSL टीम SNMMCH भी पहुंची। कैथलैब स्थित कैदी वार्ड में भर्ती दोनों घायल आरोपियों की फॉरेंसिक जांच की गई। टीम ने उनके फिंगर प्रिंट लिए और फोटोग्राफी की। करीब एक घंटे तक FSL की टीम अस्पताल में मौजूद रही। पुलिस अब फॉरेंसिक साक्ष्यों को केस की जांच से जोड़कर आगे की कार्रवाई करेगी।

एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

धनबाद SSP प्रभात कुमार और सिटी SP ऋत्विक श्रीवास्तव मंगलवार को SNMMCH पहुंचे। एसएसपी ने दोनों घायल आरोपियों से पूछताछ की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। हालांकि, स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए पूछताछ सीमित रही। एसएसपी ने बताया कि जमीन कारोबारी को लगातार धमकी मिल रही थी और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रंगदारी की रकम लेने पहुंचे अपराधियों को घेरने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, रंगदारी वसूली के मामले में गोपी खान और Prince Khan Gang की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस वाहन की विंडशील्ड को निशाना बनाकर गोली चलाए जाने की बात भी सामने आई है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान इरफान आलम और नन्हे अंसारी के पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। वहीं तीसरा आरोपी फरार हो गया। फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार वासेपुर निवासी इरफान आलम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और चर्चित नन्हे खान हत्याकांड समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं पुटकी निवासी नन्हे अंसारी के आपराधिक इतिहास की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से जुड़े पुराने मामलों, मोबाइल फोन, हथियार और रंगदारी के नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।

Prince Khan Gang के खिलाफ पांचवीं एनकाउंटर

धनबाद पुलिस के अनुसार, यह Prince Khan Gang से जुड़ी अपराधियों के साथ पुलिस की पांचवीं एनकाउंटर है। पुलिस का दावा है कि अब तक इस गैंग से जुड़े सात लोगों को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया जा चुका है। एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि धनबाद में रंगदारी, धमकी और गोलीबारी के जरिए दहशत फैलाने वाले संगठित अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।

धनबााद जिले में प्रिंस खान गैंग का साथ हुए है पांच एनकाउंटर 

धनबाद के अलावा झारखंड के अन्य जिलों में भी प्रिंस खान गैंग के क्रिमिनल पुलिस की गोली के शिकार हुए है। धनबाद पुलिस के साथ गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग का पहला एनकाउंटर 31 अक्टूबर 2023 को हुआ था। इसमें  प्रिंस खान के गुर्गे छोटू को मटकुरिया के पास पैर में गोली लगी थी। छोटू पर बैंक मोड़ के कार  पार्ट्स दुकानदार को गोली मारने का आरोप था। 14 अक्टूबर 2025 को राजगंज - तेतुलमारी मेन रोड पर तिलाटांड़  के पास जमशेदपुर के रहने वाले भानु मांझी  को पुलिस ने एनकाउंटर में जख्मी होने के दबोचा था। आठ मार्च 2026 को गोविंद पुलिस थाना क्षेत्र के धनबाद पब्लिक स्कूल के बगल में  पहाड़ की तलहटी में रेलवे ठेकेदार से रंगदारी वसूलने पहुंचे सुदीश ओझा पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद पकड़ा था।

भागाबांध में 16 मार्च 2026 को हुआ था एनकाउंटर 

भागाबांध  ओपी  क्षेत्र के बॉर्डर पर 16 मार्च 2026 को पुलिस के साथ एनकाउंटर में पलामू के कुबेर उर्फ अमन सिंह और करकेंद्र के विक्की डोम  को गोली लगी थी। भागने के क्रम में  अमन अफजल का पैर टूट गया था।  वही 17 अगस्त 2026 की देर रात बरवा अड्डा  थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक पर पुलिस के साथ प्रिंस खान गैंग के साथ एनकाउंटर में दो क्रिमिनलों को गोली लगी है। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि एनकाउंटर के दौरान अपराधी प्रिंस खान के भाई गोपी खान से मोबाइल पर बात कर रहे ।. मोबाइल जब्त कर लिया गया है।