बोकारो में डेयरी मिल्क मांग रहा था मासूम, मामा ने थमाई पिस्तौल; गोली लगने से मौत

okaro News: बोकारो में डेयरी मिल्क मांग रहे साढ़े तीन साल के साहिल को मामा ने खिलौना बताकर पिस्तौल थमा दी। गोली लगने से मासूम की मौत, आरोपी फरार। पुलिस जांच में जुटी।

बोकारो में डेयरी मिल्क मांग रहा था मासूम, मामा ने थमाई पिस्तौल; गोली लगने से मौत
बोकारो में मासूम की मौत: मामा ने खिलौना बताकर दी पिस्तौल, चली गोली।

Advertisement

   HighLights:

  • बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में मासूम की गोली लगने से मौत
  • बच्चा मामा से डेयरी मिल्क चॉकलेट मांग रहा था,मामा ने खिलौना बताकर बच्चे को पिस्तौल थमा दी
  • खेलते समय ट्रिगर दबने से बच्चे के सिर में गोली लगी,मौत
  • घटना के बाद आरोपी मामा राजेश दास फरार, पुलिस ने पिस्तौल बरामद किया

बोकारो (Threesocieties.com Desk): बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना में साढ़े तीन साल के मासूम साहिल राम की गोली लगने से मौत हो गई। आरोप है कि बच्चे के मामा राजेश दास ने उसे खिलौना बताकर पिस्तौल थमा दी थी। खेलते समय ट्रिगर दबने से गोली बच्चे के सिर में लग गई। घटना के बाद आरोपी मामा फरार हो गया। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

डेयरी मिल्क मांग रहा था मासूम, मामा ने कहा- खिलौना लाया हूं

बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस उम्र में बच्चे खिलौनों से खेलते हैं और चॉकलेट के लिए जिद करते हैं, उसी उम्र में साहिल की जिंदगी एक पिस्तौल से निकली गोली ने छीन ली। साहिल की मां शांभा देवी के अनुसार, शनिवार सुबह उनका बेटा सोकर उठा और भूख लगने की बात कही। मां ने उसे चाय और ब्रेड खिलाई। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला उनका भाई राजेश दास घर पहुंचा।

बताया जाता है कि साहिल ने अपने मामा से डेयरी मिल्क चॉकलेट लाने की बात कही। इसके बाद राजेश ने बच्चे से कहा कि वह उसके लिए एक खिलौना लाया है। आरोप है कि उसने खिलौना बताकर मासूम को पिस्तौल दे दी। बच्चे को अंदाजा नहीं था कि उसके हाथ में कोई खिलौना नहीं, बल्कि असली हथियार है। वह पिस्तौल को खिलौना समझकर खेलने लगा। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली उसके सिर में जा लगी।

गोली की आवाज सुनकर दौड़ी मां, खून से लथपथ मिला बेटा

गोली चलने की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। साहिल की मां जब बच्चे के पास पहुंचीं, तो वह खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था। परिजन आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) और चास के एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन साहिल का शव लेकर घर लौट आए। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे की आवाजें गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहली बार भाई के हाथ में पिस्तौल देखी थी: मां

साहिल की मां ने बताया कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनका भाई बच्चे को असली पिस्तौल दे रहा है। उन्हें लगा था कि राजेश भांजे के लिए कोई खिलौना लेकर आया है। मां के मुताबिक, उन्होंने पहली बार अपने भाई के हाथ में पिस्तौल देखी थी। यदि उन्हें पता होता कि वह बच्चे को असली हथियार दे रहा है, तो वह कभी ऐसा नहीं होने देतीं। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, मोहल्ले के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

घटना के बाद फरार हुआ मामा, पुलिस कर रही तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद माराफारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्तौल बरामद कर ली है। घटना के बाद से आरोपी राजेश दास फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पिस्तौल लाइसेंसी या अवैध? पुलिस कर रही जांच

पुलिस का प्रारंभिक जांच में घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार गैर लाइसेंसी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पिस्तौल आरोपी के पास कहां से आई और किन परिस्थितियों में बच्चे के हाथ में पहुंची। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।