गिरिडीह में ₹5 हजार रिश्वत लेते मुंशी गिरफ्तार, मधुबन थानेदार दिपेश कुमार फरार

गिरिडीह के मधुबन थाना में ACB धनबाद ने ₹5 हजार रिश्वत लेते लेखापाल विक्रम कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। सनहा के बदले रिश्वत मांगने के मामले में थाना प्रभारी दिपेश कुमार भी आरोपी बनाए गए हैं।

गिरिडीह में ₹5 हजार रिश्वत लेते मुंशी गिरफ्तार, मधुबन थानेदार दिपेश कुमार फरार
रिश्वत लेते मधुबन थाना का मुंशी गिरफ्तार, थानेदार फरार।

Advertisement

     HighLights:

  • मधुबन थाना में ACB धनबाद की बड़ी कार्रवाई, ₹5 हजार रिश्वत लेते लेखापाल गिरफ्तार
  • बीमा क्लेम के लिए सनहा दर्ज कराने के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
  • ACB के ट्रैप में थाना प्रभारी के कक्ष से पकड़ा गया विक्रम कुमार चौधरी
  • मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी बनाया गया आरोपी, कार्रवाई के दौरान फरार

गिरिडीह (Threesocieties.com Desk): गिरिडीह जिले के मधुबन थाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में थाना के लेखापाल (मुंशी) विक्रम कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बीमा क्लेम के लिए आवश्यक सनहा दर्ज करने के एवज में शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

इस मामले में मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी आरोपी बनाया गया है। ACB की कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी मौके से निकलकर फरार हो गए, जबकि उनके निर्देश पर रिश्वत लेने वाले लेखापाल को ट्रैप टीम ने पकड़ लिया।

बीमा क्लेम के लिए चाहिए था सनहा

ACB के अनुसार, मधुबन थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी (JH15K4933) 19 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे मधुबन थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई थी।शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी गाड़ी का बीमा Tata AIG से था। दुर्घटना के बाद बीमा क्लेम लेने के लिए उसे थाना से लिखित सनहा की आवश्यकता थी।आरोप है कि सनहा उपलब्ध कराने के एवज में मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार ने शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

ACB ने पहले किया शिकायत का सत्यापन

रिश्वत की मांग से संबंधित शिकायत मिलने के बाद ACB धनबाद की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। ACB के मुताबिक, सत्यापन के दौरान शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत धनबाद थाना कांड संख्या 08/2026, दिनांक 15 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए ACB की ओर से ट्रैप टीम गठित की गई।

थाना प्रभारी के कक्ष में ली रिश्वत

ACB के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को कार्रवाई की गई। आरोप है कि थाना प्रभारी दिपेश कुमार के निर्देश पर अप्राथमिकी अभियुक्त विक्रम कुमार चौधरी ने मधुबन थाना प्रभारी के कक्ष में शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये रिश्वत ली। रिश्वत की रकम लेते ही पहले से तैयार ACB की ट्रैप टीम ने विक्रम कुमार चौधरी को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान गिरिडीह के कार्यपालक दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाह भी मौजूद थे। धनबाद कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेेल भेज दियाा गया हैै। 

थानेदार पर भी केस, कार्रवाई के दौरान फरार

इस मामले में ACB ने थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी आरोपी बनाया है। ACB के अनुसार, कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी वहां से निकल गए और उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका। वहीं, उनके सहयोगी लेखापाल को ट्रैप टीम ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ACB की कार्रवाई के बाद मधुबन थाना में रिश्वत मांगने और लेने का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।