धनबाद मेयर चुनाव में उलटफेर: JMM नेत्री नीलम मिश्रा ने वापस लिया नामांकन, शेखर अग्रवाल को झामुमो का समर्थन

धनबाद मेयर चुनाव में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम, JMM नेत्री डॉ. नीलम मिश्रा ने नामांकन वापस लिया, झामुमो ने चंद्रशेखर अग्रवाल को समर्थन दिया, जानें पूरी खबर।

धनबाद मेयर चुनाव में उलटफेर: JMM नेत्री नीलम मिश्रा ने वापस लिया नामांकन, शेखर अग्रवाल को झामुमो का समर्थन
नीलम मिश्रा व शेखर अग्रवाल (फाइल फोटो)।

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। झारखंड नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत धनबाद नगर निगम के महापौर पद को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की नेत्री डॉ. नीलम मिश्रा ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। यह फैसला उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर लिया।

यह भी पढ़ें: कोयला कंपनियों पर बकाया वसूली का शिकंजा, 18,385 करोड़ जमा करें नहीं तो सर्टिफिकेट केस!

डॉ. नीलम मिश्रा ने शुक्रवार को निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो तथा विशाल कुमार पांडेय के समक्ष औपचारिक रूप से नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की।

 शेखर अग्रवाल को झामुमो का समर्थन

गौरतलब है कि भाजपा नेता और धनबाद के निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने 2 फरवरी को दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष झामुमो की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने उन्हें धनबाद मेयर पद के लिए समर्थन देने का निर्णय लिया। इसी रणनीति के तहत डॉ. नीलम मिश्रा ने अपना नामांकन वापस ले लिया।

 चुनावी तारीखें तय

निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि सात फरवरी 2026 को प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रतीक आवंटित किए जाएंगे। 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 27 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना की जाएगी।

 अब 29 उम्मीदवार मैदान में

धनबाद मेयर पद के लिए कुल 33 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। हालांकि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान डॉ. सुशील कुमार, अखिलेश्वर महतो और पुष्पा कुमारी सहित तीन उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए। स्क्रूटनी के दौरान इनके दस्तावेज अधूरे पाए गए।

 स्क्रूटनी प्रक्रिया

महापौर पद के लिए स्क्रूटनी का कार्य सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो की उपस्थिति में किया गया। जांच प्रक्रिया का नेतृत्व निर्वाची पदाधिकारी विनोद कुमार ने किया, जिसमें सहायक निर्वाची पदाधिकारी भी शामिल रहे।

 बदले चुनावी समीकरण

डॉ. नीलम मिश्रा के नामांकन वापसी और झामुमो द्वारा शेखर अग्रवाल को समर्थन दिए जाने से धनबाद मेयर चुनाव का समीकरण पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। अब मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की उम्मीद है।