“बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़: सीएम Nitish Kumar बोले- अब राज्यसभा जाना चाहता हूं, नई सरकार को दूंगा मार्गदर्शन”

बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने सोशल मीडिया पर घोषणा की है कि वे राज्यसभा जाने की इच्छा रखते हैं। दो दशक से अधिक समय तक बिहार की राजनीति की धुरी रहे नीतीश कुमार ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।

“बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़: सीएम Nitish Kumar बोले- अब राज्यसभा जाना चाहता हूं, नई सरकार को दूंगा मार्गदर्शन”
नीतीश कुमार (फाइल फोटो)।

पटना (Threesocieties.com Desk)। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने खुद सोशल मीडिया पर घोषणा कर दी है कि वह संसद के उच्च सदन राज्यसभा जाना चाहते हैं। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें:धनबाद में होली के जश्न के बीच गोलीबारी: बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 को लगी गोली

राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले जारी अपने भावुक संदेश में नीतीश कुमार ने कहा कि उनके संसदीय जीवन की शुरुआत से ही एक इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। अब वह इस इच्छा को पूरा करना चाहते हैं।

दो दशकों के जनसमर्थन के लिए जताया आभार

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो दशक से अधिक समय तक लोगों ने उन पर भरोसा बनाए रखा। इसी विश्वास और समर्थन के सहारे उन्होंने पूरी निष्ठा से बिहार और यहां के लोगों की सेवा करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन की ताकत से ही बिहार आज विकास और सम्मान की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने इस विश्वास के लिए जनता को धन्यवाद भी दिया।

राज्यसभा जाने की इच्छा की सार्वजनिक घोषणा

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों और संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में वह राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं। नीतीश कुमार का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज है।

जनता से रिश्ता पहले जैसा रहेगा

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यसभा जाने के बाद भी बिहार की जनता के साथ उनका रिश्ता खत्म नहीं होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार के लोगों के साथ उनका संबंध आगे भी पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार बनाने का उनका संकल्प आगे भी कायम रहेगा और वह राज्य के विकास के लिए काम करते रहेंगे।

नई सरकार को देंगे सहयोग और मार्गदर्शन

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में यह भी कहा कि आने वाले समय में जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। उनके इस बयान को बिहार की राजनीति में संभावित सत्ता परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ राज्यसभा चुनाव का बयान नहीं है, बल्कि बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत भी हो सकता है।

जदयू विधायकों की अहम बैठक आज

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधायकों की अहम बैठक भी बुलाई गई है। इस बैठक में आगे की राजनीतिक रणनीति और संभावित नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा होने की संभावना है। इसी बीच यह चर्चा भी तेज है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की भी राजनीति में एंट्री हो सकती है, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।