बिहार: तेज प्रताप के घर से 20 लाख कैश, सोना और आईफोन चोरी! PA पर गंभीर आरोप, थाने पहुंचे लालू के लाल
तेज प्रताप यादव के पटना स्थित आवास से 20 लाख रुपये नकद, सोने के गहने, आईफोन, मैकबुक और अन्य सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। तेज प्रताप ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाते हुए सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
HighLights
- तेज प्रताप यादव के पटना आवास से 20 लाख रुपये नकद चोरी का आरोप
- 2 तोले की सोने की चेन, अंगूठी, आईफोन, मैकबुक और लैपटॉप भी गायब
- निजी सहायक मोतीलाल राय के खिलाफ सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज
- ड्राइवर समेत दो लोगों ने आरोपी को बैग लेकर दीवार फांदते देखने का दावा किया
- गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने ही निजी सहायक (PA) पर लाखों रुपये की चोरी का आरोप लगाया है। इस मामले में उन्होंने पटना के सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें: बोकारो में तीन दोस्तों की संदिग्ध मौत की जांच CID के हवाले, रेलवे ट्रैक पर मिले शवों का खुल सकता है बड़ा राज
आरोप है कि उनके पटना स्थित सरकारी आवास से 20 लाख रुपये नकद, सोने के गहने और कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए गए हैं।तेज प्रताप यादव ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने 42 हार्डिंग रोड स्थित आवास में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मोतीलाल राय वैशाली जिले के विशनपुर सैद अली मनियारपुर गांव का निवासी बताया गया है। शिकायत के अनुसार, 22 जून को आवास की अलमारी में रखे पार्टी फंड के 20 लाख रुपये नकद, दो तोले की सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, आईफोन, आईपैड, मैकबुक और अन्य कीमती सामान गायब पाए गए।
दीवार फांदकर भागने का आरोप
तेज प्रताप यादव ने आवेदन में दावा किया है कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और एक अन्य कर्मचारी विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री वॉल फांदकर बाहर जाते देखा था। दोनों को मामले का प्रत्यक्ष गवाह बताया गया है। तेज प्रताप ने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
लगातार विवादों में तेज प्रताप
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से तेज प्रताप यादव लगातार विवादों और शिकायतों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने आकाश यादव के खिलाफ भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस दौरान उन्होंने अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी जिक्र करते हुए कहा था कि संकट के समय भाई को साथ खड़ा होना चाहिए।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
राजद परिवार से जुड़े इस मामले ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। एक तरफ जहां तेज प्रताप ने अपने करीबी सहयोगी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आने वाले दिनों में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी के आरोपों में कितनी सच्चाई है।






