धनबाद: रोहित हत्याकांड का खुलासा: नाबालिग बेटी को भगाने की रंजिश में गला रेतकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
धनबाद के चर्चित रोहित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नाबालिग बेटी को भगाने की रंजिश में गला रेतकर हत्या की गई थी। चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद।
- सीसीटीवी, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज वारदात
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद थाना क्षेत्र में 20 मार्च 2026 को हुए चर्चित रोहित कुमार हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतु यादव, तरुण यादव, महेश धीबर और भुनेश्वर हाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार, दो मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद के कतरास में बनेगा करोड़ों का भव्य खाटु श्याम मंदिर, भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक निर्माण
साहू गली में हुई थी गला रेतकर हत्या
घटना धनबाद थाना क्षेत्र के साहू गली में रोहित कुमार की अज्ञात अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में मृतक की बहन रितु कुमारी ने धनबाद थाना में फर्दबयान दर्ज कराया था, जिसके आधार पर थाना कांड संख्या 95/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी से खुला राज
घटना के बाद धनबाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान चारों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद 23 अप्रैल 2026 को संयुक्त छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नाबालिग बेटी को भगाने की रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में यह खुलासा हुआ कि लगभग दो महीने पहले ‘प्रेम’ नामक युवक ने आरोपी जीतु यादव की नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। इस घटना को लेकर आरोपी काफी नाराज थे और इसी रंजिश में उन्होंने रोहित कुमार को निशाना बनाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को शक था कि रोहित इस पूरे मामले में किसी न किसी रूप में जुड़ा हुआ था, जिसके कारण उन्होंने साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी।
हथियार, बाइक और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का दाव (दउली), दो मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय पहना गया शॉल समेत कई अहम सामान बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस को मामले में और मजबूत साक्ष्य मिले हैं।
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन में धनबाद थाना के साथ-साथ सरायढेला, लोदना और अलकडीहा थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस खुलासे के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के जरिए एक जघन्य हत्या का पर्दाफाश हुआ है।
SBI सीएसपी से लूट का पुलिुस ने किया खुलासा, एक गिरफ्तार
जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के कमारटीह में एसबीआई के CSP संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए इस घटना में संलिप्त तीन में से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। दो आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

डीएसपी डीएन बंका ने बताया कि यह घटना 13 अप्रैल की दोपहर लगभग 2:50 बजे तीन अपराधी सफेद गमछे से चेहरा ढककर CSP संचालक सुनील मुर्मू की सीएसपी में धेवा बोला था। हथियार का डर दिखाकर अपराधियों ने 78 हजार 750 रुपये लूटकर भाग निकले थे। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपहाड़ी निवासी डिग्गू गोप को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और अपने दो अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गयी बाईक व घटना के समय पहने गए जूते और 1,120 रुपये कैश बरामद किए हैं।






