धनबाद में ‘ट्रक चोरी’ का ड्रामा फेल! मालिक ही निकला स्क्रैप घोटाले का मास्टरमाइंड, CCTV ने खोली पूरी साजिश
धनबाद के महुदा में ट्रक चोरी की कहानी पुलिस जांच में फर्जी निकली। मालिक अविनाश कुमार राय ने स्क्रैप गबन के लिए खुद ही रची थी साजिश। CCTV फुटेज और पुलिस पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा।
HighLights
- CCTV फुटेज से खुली पूरी साजिश
- राजगंज से बरामद हुआ ट्रक, स्क्रैप गायब
- कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज, मुख्य आरोपी जेल भेजा गया
धनबाद( Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले के महुदा थाना क्षेत्र में ट्रक चोरी की एक साधारण दिखने वाली घटना ने पुलिस जांच में ऐसा मोड़ लिया कि पूरा मामला ही उल्टा निकल गया। जिस ट्रक को चोरी बताया जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित स्क्रैप गबन की साजिश का हिस्सा था — और इस खेल का मास्टरमाइंड खुद ट्रक मालिक ही निकला।
यह भी पढ़ें: धनबाद: 24 अप्रैल को सड़कों पर उतरेगा जनसैलाब, एयरपोर्ट के लिए रणधीर स्टेडियम से रणधीर वर्मा चौक तक पदयात्रा
CCTV फुटेज ने खोल दी पूरी कहानी
डीजे कॉलोनी, छत्रुटांड निवासी अविनाश कुमार राय ने अपने 18 चक्का ट्रक (JH 02 BK 6340) के चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब घटनास्थल से लेकर टोल प्लाजा तक के CCTV फुटेज खंगाले, तो कहीं भी ट्रक के गुजरने का कोई सबूत नहीं मिला। यहीं से पुलिस का शक गहराया और जांच की दिशा बदल गई।
राजगंज से बरामद हुआ ट्रक, स्क्रैप आंशिक रूप से गायब
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राजगंज स्थित रेणुका इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से ट्रक बरामद किया।जांच में सामने आया कि ट्रक से स्क्रैप का कुछ हिस्सा पहले ही उतार लिया गया था, जिससे साफ हो गया कि मामला चोरी नहीं, बल्कि गबन का है।
सख्ती में टूटा मालिक, कबूल किया जुर्म
धनबाद के ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब जब महुदा थाना निरीक्षण पर पहुंचे, तो उन्होंने आरोपी से कड़ी पूछताछ की। सख्ती के बाद अविनाश कुमार राय ने पूरा सच उगल दिया। उसने स्वीकार किया कि उसने कांड्रा बस्ती के बबलू शेख, निमाई महतो, राहुल और प्रकाश के साथ मिलकर स्क्रैप को अवैध रूप से बेचने की योजना बनाई थी।
फर्जी ई-वे बिल से खपाया जा रहा था माल
जांच में यह भी सामने आया कि स्क्रैप को खपाने के लिए फर्जी ई-वे बिल तैयार किए गए थे।माल को मो. इम्तियाज सन्स के नाम पर खपाने की साजिश रची गई थी, जिससे पूरे नेटवर्क की गहराई का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
महुदा थाना में कांड संख्या 15/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 303, 317, 238, 318, 338, 336 और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। इस केस में निम्न लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है:
अविनाश कुमार राय (मुख्य आरोपी)
निमाई महतो
बबलू शेख
राहुल
प्रकाश
मो. इम्तियाज सन्स
रेणुका इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के मालिक व इंचार्ज
मास्टरमाइंड जेल भेजा गया, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश कुमार राय को न्यायिक अभिरक्षा में धनबाद जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्क्रैप और ट्रांसपोर्ट कारोबार का काला सच
इस पूरे खुलासे ने धनबाद के ट्रांसपोर्ट और स्क्रैप कारोबार में चल रहे ‘अंदरूनी खेल’ को उजागर कर दिया है। फर्जी चोरी, ई-वे बिल घोटाला और संगठित तरीके से माल खपाने का यह मामला बताता है कि इस सेक्टर में किस तरह नेटवर्क बनाकर अवैध कारोबार चलाया जा रहा है।
???? HighLights
महुदा में ट्रक चोरी की घटना निकली फर्जी
ट्रक मालिक ही निकला स्क्रैप गबन का मास्टरमाइंड
CCTV फुटेज से खुली पूरी साजिश
राजगंज से बरामद हुआ ट्रक, स्क्रैप गायब
कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज, मुख्य आरोपी जेल भेजा गया






