Jharkhand Police: हाई कोर्ट के आदेश से बदली DSP की सीनियरिटी लिस्ट, 9 अफसर बने सीनीयर डीएसपी, 9 डिमोट

झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद राज्य पुलिस सेवा के चौथे बैच के DSP अधिकारियों की वरीयता सूची में बड़ा बदलाव किया गया है। नई मेधा सूची के आधार पर 9 अधिकारियों को सीनियर DSP पद पर प्रोन्नति मिली है, जबकि 9 अधिकारियों को मूल DSP कोटि में वापस भेजा गया है।

Jharkhand Police: हाई कोर्ट के आदेश से बदली DSP की सीनियरिटी लिस्ट, 9 अफसर बने सीनीयर डीएसपी, 9 डिमोट
JPSC परीक्षा के अंकों ने बदली किस्मत।

रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राज्य पुलिस सेवा के चौथे बैच के डीएसपी अधिकारियों की वरीयता सूची (सीनियरिटी लिस्ट) को पुनर्निर्धारित किया गया है। नई मेधा सूची जारी होने के बाद जहां 9 डीएसपी अधिकारियों को सीनियर डीएसपी पद पर प्रोन्नति मिली है, वहीं पहले से इस सूची में शामिल 9 अधिकारियों को अवक्रमित करते हुए मूल डीएसपी कोटि में वापस कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: कोल इंडिया में 660 मैनेजमेंट ट्रेनी पदों पर बंपर भर्ती, 12 मई से शुरू होंगे आवेदन

इस संबंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 12 मई को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी। विभागीय आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि इस बदलाव का असर कई जिलों की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारियों की वरिष्ठता पर पड़ेगा।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद बदली सूची

दरअसल, यह पूरा मामला वर्ष 2010 में जारी विज्ञापन और उसके आधार पर आयोजित झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा से जुड़ा है। झारखंड हाई कोर्ट में दायर वाद संख्या WP(S) No. 2297/2020 एवं अन्य मामलों की सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि 11 सितंबर 2010 के विज्ञापन के आधार पर हुई परीक्षा में प्राप्त अंकों के अनुसार अधिकारियों की वरीयता सूची दोबारा तय की जाए। अदालत के आदेश के बाद सरकार ने पूर्व में जारी वरीयता सूची को निरस्त कर नई मेधा सूची तैयार की। इसके आधार पर अब कई अधिकारियों की रैंकिंग और पद स्थिति बदल गई है।

इन अधिकारियों को मिली सीनियर DSP कोटि में प्रोन्नति

नई मेधा सूची के अनुसार निम्नलिखित अधिकारियों को सीनियर डीएसपी कोटि में पदोन्नत किया गया है—

नाजीर अख्तर – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बसिया
प्रवीण कुमार सिंह – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चास
मनीष कुमार – पुलिस उपाधीक्षक, रेल, चक्रधरपुर
नीरज कुमार – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा
मो. मुजीबुर रहमान – पुलिस उपाधीक्षक, विशेष शाखा, रांची
विकास आनंद लागुरी – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा
अनुज उरांव – पुलिस उपाधीक्षक, सिल्ली
प्रदीप पाल कच्छप – पुलिस उपाधीक्षक, एटीएस, रांची
अमित कुमार कच्छप – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जरमुंडी, दुमका

इन अधिकारियों को सीनियर DSP से वापस DSP कोटि में भेजा गया

नई सूची लागू होने के बाद जिन अधिकारियों को अवक्रमित कर मूल डीएसपी कोटि में वापस भेजा गया है, उनमें शामिल हैं—

सुमित कुमार – पुलिस उपाधीक्षक, CCR, धनबाद
पुरूषोत्तम कुमार सिंह – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाघमारा
दीपक कुमार – पुलिस उपाधीक्षक, झारखंड जगुआर
ज्ञान रंजन – पुलिस उपाधीक्षक, झारखंड जगुआर
सुनील कुमार रजवार – पुलिस उपाधीक्षक, झारखंड जगुआर
विजय कुमार महतो – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दुमका
कौशर अली – पुलिस उपाधीक्षक (मु०-2), गिरिडीह
संजीव कुमार बेसरा – पुलिस उपाधीक्षक, सदर, रांची
जीतवाहन उरांव – अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गिरिडीह

पुलिस विभाग में बढ़ी हलचल

वरिष्ठता सूची में बदलाव के बाद पुलिस महकमे में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अधिकारियों की पदोन्नति और अवक्रमण का असर भविष्य की पोस्टिंग, प्रमोशन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर भी पड़ सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभागीय स्तर पर और भी प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। राज्य सरकार की ओर से साफ किया गया है कि यह पूरी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है और नई सूची मेधा आधारित है।