महाराष्ट्र: 33°C में हुडी पहनकर पहुंचा प्रेमी! CCTV ने खोला ‘लव, लाइज़ और मर्डर’ का खौफनाक राज

पुणे के लोहागढ़ किले में बिल्डर केतन अग्रवाल की मौत का मामला हत्या निकला। पुलिस ने मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। CCTV फुटेज, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया जांच से प्रेम, धोखे और साजिश की सनसनीखेज कहानी सामने आई है।

महाराष्ट्र: 33°C में हुडी पहनकर पहुंचा प्रेमी! CCTV ने खोला ‘लव, लाइज़ और मर्डर’ का खौफनाक राज
प्रेमी संग रची साजिश, 400 फीट खाई में धकेलकर की केतन की हत्या।

   HighLights

  • पुणे के लोहागढ़ किले में बिल्डर केतन अग्रवाल की मौत का मामला हत्या निकला
  • मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी गिरफ्तार
  • 33 डिग्री तापमान में हुडी पहने युवक ने पुलिस का ध्यान खींचा
  • CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड से खुली पूरी साजिश
  • हत्या के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट कर खुद को बेगुनाह दिखाने की कोशिश की
  • पुलिस के मुताबिक, शादी से बचने और परिवार की बदनामी के डर में रची गई हत्या की साजिश
  • दोनों आरोपियों पर हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज

पुणे (Threesocieties.com Desk): महाराष्ट्र के पुणे जिले के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में 26 वर्षीय बिल्डर केतन विशाल अग्रवाल की मौत का मामला अब एक सनसनीखेज हत्या कांड में बदल गया है। जिस घटना को शुरुआत में ट्रेकिंग के दौरान हुआ एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल प्रेम संबंधों, धोखे और सोची-समझी साजिश की भयावह कहानी निकली।

यह भी पढ़ें: धनबाद में ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमले का आरोप, टोटो संघ ने दर्ज कराई शिकायत; आंदोलन की चेतावनी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर उसे 400 फीट गहरी खाई में धकेलकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या व आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें: पुणे में ‘सोनम रघुवंशी’ जैसा कांड! शादी से पहले मंगेतर को 400 फीट खाई में धकेला, प्रेमी संग रची मौत की साजिश

33 डिग्री तापमान में हुडी बना पुलिस के लिए पहला सुराग

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लोहागढ़ किले के टिकट काउंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में केतन और सिया के पीछे कुछ दूरी पर एक युवक दिखाई दिया, जिसने भीषण गर्मी के बावजूद हुडी पहन रखी थी। करीब 33 डिग्री सेल्सियस तापमान में किसी व्यक्ति का चेहरा छिपाकर हुडी पहनना पुलिस को संदिग्ध लगा। जांचकर्ताओं ने देखा कि जब सिया पीछे मुड़कर देखती है तो वह युवक अचानक नीचे बैठ जाता है, जिससे शक और गहरा गया। बाद में सोशल मीडिया तस्वीरों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में की।

पहले भी हो चुकी थी हत्या की कोशिश

जांच में सामने आया कि यह पहली बार नहीं था जब केतन को मारने की कोशिश की गई थी। पुलिस के अनुसार, 14 जून को भी सिया ने केतन को लोहागढ़ किला चलने के लिए कहा था। वहां कथित रूप से उसे चट्टान से धक्का देने का प्रयास किया गया, लेकिन वह झाड़ियों का सहारा लेकर बच गया। बताया गया कि उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर खुद को बचाने की कोशिश की थी।

शादी से बचना चाहती थी सिया

केतन और सिया की सगाई फरवरी में हुई थी। दोनों की शादी नवंबर में उदयपुर के एक महल में होने वाली थी। परिवार ने शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। लेकिन जांच में पता चला कि सिया शादी को लेकर असहज थी। उसने परिवार से शादी एक साल तक टालने की बात भी कही थी। पुलिस के अनुसार, वह अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ रहना चाहती थी, लेकिन परिवार की बदनामी के डर से सगाई तोड़ने का साहस नहीं जुटा पा रही थी।

बाली ट्रिप से पहले रची गई मौत की साजिश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि केतन और सिया प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए बाली जाने वाले थे। आरोप है कि इसी बीच दोनों प्रेमियों ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। रहस्यमय परिस्थितियों में केतन का पासपोर्ट गायब हो गया, जिससे बाली यात्रा रद्द हो गई। इसके बाद हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए लोहागढ़ किले को चुना गया।

कॉल डिटेल रिकॉर्ड ने खोल दिया राज

मामले में सबसे अहम सबूत कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल कम्युनिकेशन साबित हुए। जांच में पता चला कि सिया लगातार एक युवक के संपर्क में थी। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकातों के सबूत मिलने के बाद पुलिस को हत्या की साजिश का शक पुख्ता हो गया। इसके बाद तकनीकी निगरानी और पूछताछ के जरिए पूरी कहानी सामने आ गई।

हत्या के बाद इंस्टाग्राम पर बहाए आंसू

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि केतन की मौत के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की। उसने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि "तुमने मेरे जन्मदिन पर मुझे छोड़ दिया, मैं अब भी समझ नहीं पा रही कि तुमने ऐसा क्यों किया।" पोस्ट में दोनों के साथ बिताए पलों के वीडियो और तस्वीरें भी साझा की गईं। हालांकि अब पुलिस इस पोस्ट को भी जांच का हिस्सा मान रही है और इसे हत्या के बाद सहानुभूति बटोरने की कोशिश के रूप में देख रही है।

पिता के शक से खुला मामला

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि बेटे की मौत के बाद सिया का व्यवहार असामान्य था। उन्होंने आरोप लगाया कि शव देखने के दौरान भी सिया ने कोई स्वाभाविक भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं दिखाई। परिवार के संदेह और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आखिरकार पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।

7 दिन की पुलिस रिमांड

पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब से बनाई जा रही थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि प्रेम संबंधों, सामाजिक दबाव और झूठ की बुनियाद पर खड़ी जिंदगी किस तरह एक भयावह अपराध में बदल सकती है।