कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे का बेलगड़िया दौरा:रोजगार परियोजना की सौगात, शिक्षा और पुनर्वास पर बड़ा संदेश

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बेलगड़िया टाउनशिप का दौरा कर लाइवलीहुड एंड एम्प्लॉयमेंट जेनरेशन प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। मंत्री ने शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और झरिया मास्टर प्लान के तहत पुनर्वास को लेकर बड़ा संदेश दिया।

कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे का बेलगड़िया दौरा:रोजगार परियोजना की सौगात, शिक्षा और पुनर्वास पर बड़ा संदेश
बेलगड़िया में रोजगार-सशक्तिकरण पर केंद्र का बड़ा फोकस।
  • बेलगड़िया को मिली रोजगार की नई उड़ान, मेगा प्रोजेक्ट का शिलान्यास
  • झरिया मास्टर प्लान को मिली रफ्तार, मंत्री ने बढ़ाई ई-बस और रोजगार की उम्मीद
  • बेलगड़िया टाउनशिप बनेगी मॉडल सिटी

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झरिया मास्टर प्लान के तहत विकसित बेलगड़िया टाउनशिप को गुरुवार को विकास और रोजगार की नई सौगात मिली। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री Satish Chandra Dubey ने बेलगड़िया टाउनशिप का दौरा कर “लाइवलीहुड एंड एम्प्लॉयमेंट जेनरेशन प्रोजेक्ट” का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, पुनर्वास, रोजगार और महिला सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।

यह भी पढ़ें: CBSE 12th Result 2026: धनबाद की बेटियों ने रचा इतिहास, साइंस से आर्ट्स तक लड़कियों का कब्जा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत सरकार बेलगड़िया के निवासियों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केवल लोगों को बसाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और कुटीर उद्योग के माध्यम से लोग अपने परिवार का भविष्य मजबूत कर सकते हैं।

“शिक्षा से बदलती है तस्वीर और तकदीर”

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए लोगों से बच्चों, खासकर बेटियों की पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा और मेहनत के जीवन में आगे बढ़ना संभव नहीं है। शिक्षा ही परिवार की तस्वीर और तकदीर बदलने की ताकत रखती है। उन्होंने कहा कि बेलगड़िया टाउनशिप में रहने वाले लोगों के लिए सरकार हर स्तर पर सुविधाएं बढ़ा रही है। लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने की भी घोषणा की गई।

पुनर्वास और सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर

मंत्री ने भू-धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की कि वे पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेलगड़िया टाउनशिप में जनसुविधाओं की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने झरिया मास्टर प्लान के तहत पुनर्वास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर लगातार काम करने की बात कही।

उपायुक्त बोले- हर सुविधा देने को प्रशासन प्रतिबद्ध

इस मौके पर धनबाद के उपायुक्त Aditya Ranjan ने कहा कि संशोधित झरिया मास्टर प्लान के तहत टाउनशिप के निवासियों को बिजली, पानी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, स्वरोजगार, बस सेवा, ई-रिक्शा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि टाउनशिप में स्थायी प्रशासनिक कार्यालय और टीओपी स्थापित होने से लोगों को काफी राहत मिली है। साथ ही कई जनकल्याणकारी योजनाएं तेजी से जमीन पर उतारी जा रही हैं।

विधायक रागिनी सिंह ने कहा- टाउनशिप बना उम्मीद की नई किरण

झरिया की विधायक Ragini Singh ने कहा कि भू-धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेलगड़िया टाउनशिप किसी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के नेतृत्व में यहां लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे लोगों में खुशी और विश्वास बढ़ा है।

बीसीसीएल CMD बोले- बेलगड़िया अब शहर का रूप लेने लगा

कार्यक्रम में Bharat Coking Coal Limited के सीएमडी Manoj Kumar Agrawal ने कहा कि बेलगड़िया में Indian Institute of Technology (Indian School of Mines) Dhanbad और अन्य संस्थाओं की मदद से लोगों को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि संशोधित झरिया मास्टर प्लान लागू होने के बाद बेलगड़िया टाउनशिप में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लोगों की आवाजाही बढ़ी है और अब यह टाउनशिप धीरे-धीरे एक विकसित शहर का रूप लेने लगी है।

ई-रिक्शा वितरण और महिला उद्यमियों को बढ़ावा

बेलगड़िया दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बीसीसीएल की सीएसआर पहल के तहत पांच लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाबियां भी सौंपीं। इसके अलावा उन्होंने महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण किया, जहां विभिन्न लाइवलीहुड एक्टिविटीज़ का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर कोयला मंत्रालय, बीसीसीएल, जेआरडीए के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में बेलगड़िया टाउनशिप के निवासी मौजूद रहे।