धनबाद में पुलिस-प्रिंस खान गैंग की मुठभेड़: सुदीश ओझा को लगी गोली, SI बाल मुकुंद सिंह घायल

धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के बीच मुठभेड़ में गैंग का शूटर सुदीश ओझा को पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी घायल हुआ, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी।

धनबाद में पुलिस-प्रिंस खान गैंग की मुठभेड़: सुदीश ओझा को लगी गोली, SI बाल मुकुंद सिंह घायल
सुदीश ओझा (फाइल फोटो)
  • जैप-तीन के फायरिंग रेंज के पास हुई एनकाउंटर

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रविवार शाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली। सरायढेला थाना क्षेत्र के भुईफोड़ जैंप-3 फायरिंग रेंज इलाके में पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में गैंग के सुदीश ओझा पुलिस की गोली से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस सब इंस्पेक्टर बाल मुकुुंद सिंह भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें: तेहरान में इजरायली एयरस्ट्राइक: 5 फ्यूल डिपो तबाह, धमाकों के बाद ‘काली बारिश’ और एसिड रेन का खतरा

पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस की गोली से घायल शूटर सुदीश ओझा व पुलिस सब इंस्पेक्टर बाल मुकुुंद सिंह  को इलाज के लिए असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की पुष्टि धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने की है।

एनकाउंटर में पुलिस की गोली से घायल सुधीर ओझा।

गुप्त सूचना पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरायढेला थाना क्षेत्र के फायरिंग रेंज इलाके में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान छिपे अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायल पुलिस सब इंस्पेक्टर बालमुकुंद सिंह।

दोनों ओर से चली गोलियां, शूटर ढेर

अपराधियों की फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। दोनों ओर से कुछ देर तक गोलियां चलती रहीं। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से प्रिंस खान गिरोह का शूटर सुदीश ओझा के पैर में गोली लग गयी।

मुठभेड़ में पुलिस सब इंस्पेक्टर बाल मुकुंद घायल

मुठभेड़ के दौरान सरायढेला थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर बाल मुकुंद सिंह को भी गोली लगने की सूचना है। घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एसएसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों के अनुसार इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और फरार अपराधियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी छापेमारी की जा रही है।

तेतुलमारी - राजगंज रोड पर पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ था भानु मांझी

तेतुलमारी थाना क्षेत्र के राजगंज रोड में 14 अक्तूबर 2025 की सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस दौरान जमशेदपुर का मोस्ट वांटेड अपराधी भानु मांझी पुलिस की गोली से घायल हो गया था। पुलिस जब शक्ति चौक से राजगंज जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी, तभी वहां भानु मांझी अपने साथियों के साथ पहुंचा। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ में भानु मांझी को पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।