बिहार में प्रशासनिक सर्जरी: 7 IAS और 45 BAS अधिकारियों का ट्रांसफर, कई जिलों को मिले नए SDO-DDC

Bihar IAS Transfer News: बिहार सरकार ने 7 IAS और 45 बिहार प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया है। संजय कुमार, तुषार कुमार, सारा अशरफ समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं। जानिए किस अधिकारी की कहां हुई पोस्टिंग।

बिहार में प्रशासनिक सर्जरी: 7 IAS और 45 BAS अधिकारियों का ट्रांसफर, कई जिलों को मिले नए SDO-DDC
52 अधिकारियों के ट्रांसफर से बदला सिस्टम।

Advertisement

    HighLights:

  • संजय कुमार बने SC-ST कल्याण विभाग के अपर सचिव
  • तुषार कुमार को पूर्णिया का नया SDO बनाया गया
  • सारा अशरफ को नालंदा जिला परिषद में डीडीसी-सह-सीईओ की जिम्मेदारी
  • कई जिलों में SDO, DDC, DTO और DCLR स्तर पर बड़े बदलाव

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रविवार को व्यापक स्तर पर अधिकारियों का तबादला किया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 7 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और 45 बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के बाद कई जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है, जबकि विभिन्न विभागों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें: धनबाद सांसद ढुलू महतो का बड़ा कानूनी वार! निरसा विधायक अरूप चटर्जी को ₹2 करोड़ का मानहानि नोटिस, 7 दिन में मांगे माफी

इन IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

राज्य निर्वाचन आयोग में विशेष कार्य पदाधिकारी के रूप में कार्यरत संजय कुमार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। गया के बंदोबस्त पदाधिकारी मुकेश कुमार को भविष्य निधि निदेशालय, वित्त विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर सचिव अभिलेष कुमार सिंह अब कृषि विभाग में अपर सचिव के रूप में कार्य करेंगे।नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार रजक को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में भेजा गया है। वहीं, इसी विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार का हालिया स्थानांतरण आदेश निरस्त करते हुए उन्हें उनके वर्तमान विभाग में ही बनाए रखा गया है।

सारा अशरफ और तुषार कुमार को अहम जिम्मेदारी

हाल ही में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग विभाग के निदेशक बनाए गए सारा अशरफ को अब नालंदा जिला परिषद में उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, मुजफ्फरपुर पूर्व के अनुमंडल पदाधिकारी तुषार कुमार को पूर्णिया का नया अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) बनाया गया है। उन्हें कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां भी प्रदान की गई हैं।

45 BAS अधिकारियों का भी बड़े पैमाने पर तबादला

सरकार ने दूसरी अधिसूचना के माध्यम से बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के 45 अधिकारियों का भी व्यापक स्तर पर स्थानांतरण किया है। इन अधिकारियों को अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR), उप विकास आयुक्त (DDC), वरीय उप समाहर्ता तथा बंदोबस्त पदाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। राजधानी पटना में भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। संजीत कुमार को कंकड़बाग अंचल, पटना नगर निगम का कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। धर्मराज कुमार को मसौढ़ी का अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। राजीव कुमार को उद्योग विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। इसके अलावा संजय कुमार, मुकेश कुमार, अभिलेष कुमार सिंह, मनोज कुमार रजक और मनोज कुमार सहित कई अधिकारियों को पटना स्थित विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी

तबादला सूची में शामिल प्रमुख अधिकारियों में—

रंजीत कुमार – एसडीओ, डुमरांव
रंजो कुमारी – डीडीसी, भागलपुर
गौरव सिंह – एसडीओ, औरंगाबाद
प्रवीण कुमार – जिला परिवहन पदाधिकारी, समस्तीपुर
प्रशांत अभिषेक – एसडीओ, बाढ़
रवि शंकर अरविंद – भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR), मुंगेर

जैसे अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।

प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद

बिहार सरकार का मानना है कि बड़े पैमाने पर किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल से जिलों में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सुधार होगा। नई तैनाती पाने वाले अधिकांश अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां भी प्रदान की गई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। इस मेगा ट्रांसफर के बाद अब सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक व्यवस्था में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।