चतरा: रेप के बाद नाबालिग लड़की को जिंदा जलाने वाले 14 आरोपी अरेस्ट

Advertisement

चतरा: चतरा जिले राजाकेंदुआ गांव में लड़की को रेप के बाद जिंदा जला देने के मामले में पुलिस 14 आरोपियों को अरेस्ट कर ली है. आरोपियों में गांव की मुखिया तिलेश्वरी देवी और पंचायत समिति सदस्य भी शामिल हैं. इनलोगों के खिलाफ रेप व पॉक्सो एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की गयी है. लड़की के साथ गुरुवार को रेप की गयी थी और शनिवार को जलाकर मारा गया था. जोनल आइजी शंभु ठाकुर शनिवार को राजकेंदुआ गांव पहुंच पीड़ित परिवार से मिले. आइजी ने कहा कि पीड़ित परिवार को डरने की जरूरत नहीं है. गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है, जरूरत पड़ी तो और फोर्स लगाई जायेगी. मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. सीएम रघुवर दास के आर्डर के बाद कार्रवाई में तेजी आयी है. जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया है. पीड़ित परिवार को एक लाख की सहायता राशि दी गयी है. सीएम ने घटना पर दुख जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया था. चतरा के डीसी जीतेंद्र कुमार सिंह शनिवार को जांच के लिए डीआईजी और आईजी के साथ राजाकेंदुआ गांव पहुंचे. मृतक लड़की की मां ने कहा कि मेरी बेटी और उस लड़के के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन हमें इसका पता नहीं था. रात में एक रिश्तेदार के घर शादी थी,उसी में लड़का मेरी बेटी को लेकर भाग गया. हमलोग लड़की को खोजने लगे, पता चला कि दोनों साथ थे. सुबह पंचायत में हमने कहा कि लड़की के साथ गलत किया है अब शादी करनी होगी. लड़का इसके लिए तैयार न था. उसके परिवार केसभी लोगों ने हमारे साथ मारपीट की और मेरी बेटी की हत्या कर दी. फ्लैश बैक उल्लेखनीय है कि राजाकेंदुआ गांव की 16 साल की एक लड़की गुरुवार को अपने चाचा के घर शादी में गई थी. रात आठ बजे आरोपी धनु भुइयां उसे बाइक पर ले गया. लड़की के चचेरे भाई ने देख लिया. घरवालों ने बताया कि धनु उसे जबरन अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया. शुक्रवार को इस मामले में गांव में पंचायत हुई. इसमें धनु भुइयां पर तीन लाख रुपए जुर्माना और पंचायत में 50 बार उठक-बैठक करने का दंड दिया गया. पंचायत के इस फैसले के बाद आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ लड़की को घर में ही जिंदा जला दिया. मृतका के परिजनों ने 20 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है.