पुनौराधाम में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान- 2028 तक बनेगा भव्य जानकी मंदिर
Sitamarhi Punauradham: पुनौराधाम में मां जानकी और राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हुई। सीएम सम्राट चौधरी ने 31 दिसंबर 2028 तक भव्य जानकी मंदिर पूरा करने का ऐलान किया। सीतामढ़ी को 218 करोड़ की 83 योजनाओं की सौगात मिली।
HighLights:
- पुनौराधाम में मां जानकी और राम दरबार की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा
- सीएम सम्राट चौधरी ने 31 दिसंबर 2028 तक भव्य जानकी मंदिर पूरा करने का किया ऐलान
- सीताराम काष्ठ मंडपम में स्थापित की गईं मां सीता, भगवान राम और लक्ष्मण की प्रतिमाएं
- सीतामढ़ी को 218 करोड़ रुपये की 83 विकास योजनाओं की सौगात
सीतामढ़ी (Threesocieties.com Desk): बिहार के सीतामढ़ी स्थित मां जानकी की प्राकट्य स्थली पुनौराधाम में शनिवार को धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पुराने गर्भगृह से मां जानकी, भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की प्रतिमाओं को नव निर्मित अस्थायी सीताराम काष्ठ मंडपम में स्थानांतरित करने और विधि-विधान से पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें: धनबाद नगर निगम का बड़ा फैसला: ₹141.82 करोड़ से बदलेगी शहर की तस्वीर, 55 वार्डों में 15-15 सफाईकर्मी
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मां जानकी और राम दरबार की पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस दौरान उन्होंने बिहार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
31 दिसंबर 2028 तक पूरा होगा भव्य मंदिर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुनौराधाम में निर्माणाधीन भव्य माता जानकी मंदिर को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2028 तक पुनौराधाम में भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद सीताराम काष्ठ मंडपम में रखी गई माता सीता, भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की प्रतिमाओं को नए गर्भगृह में पूरे विधि-विधान और गरिमा के साथ पुनर्प्रतिष्ठित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौराधाम केवल बिहार ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। माता सीता की जन्मभूमि होने के कारण इसका धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है।
पुनौराधाम को वैश्विक धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पुनौराधाम के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मंदिर निर्माण और धाम के विकास से श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पुनौराधाम के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का भी विस्तार होगा। सरकार का लक्ष्य पुनौराधाम को वैश्विक धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन मंदिर परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने मंदिर परिसर के प्रस्तावित मॉडल के माध्यम से मंदिर, परकोटा, यज्ञ मंडप, अनुष्ठान मंडप, पीठाधीश्वर निवास, संग्रहालय, ऑडिटोरियम और महिला हाट समेत श्रद्धालुओं के लिए विकसित की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।
सीताराम काष्ठ मंडपम में स्थापित हुआ राम दरबार
पुनौराधाम में पुराने गर्भगृह से विग्रह स्थानांतरण के बाद अस्थायी सीताराम मंडपम में मां जानकी और राम दरबार की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। मंदिर के महंत कौशल किशोर दास के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद भगवान सियावर रामचंद्र का जयकारा लगाया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
बज्जिका और सिक्की कला की प्रदर्शनी का भी अवलोकन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुनौराधाम मंदिर परिसर में आयोजित बज्जिका कला और सिक्की कला पर आधारित शिल्प प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों की ओर से तैयार की गई कलाकृतियों को देखा और उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की लोक कला और संस्कृति राज्य की अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
राघोपुर बखरी में 218 करोड़ की योजनाओं की सौगात
पुनौराधाम कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राघोपुर बखरी पहुंचे। यहां बने हेलीपैड पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। राघोपुर बखरी में मुख्यमंत्री ने नव निर्मित हैचरों से अंडा एवं बीज उत्पादन की प्रक्रिया और ब्रूड बैंक के तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभुकों के बीच ऑक्सीजनयुक्त बैग के साथ स्पान का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल का भी जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी जिले के लिए कुल 218 करोड़ रुपये की 83 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 203 करोड़ 2 लाख रुपये की 82 योजनाओं का उद्घाटन तथा 14 करोड़ 88 लाख रुपये की एक योजना का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राज्य की उद्योग एवं खेल मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी एवं मत्स्य मंत्री नंदकिशोर राम, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक पंकज मिश्रा, सुनील कुमार पिंटू, अमित कुमार, गायत्री देवी, अनिल राम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी रिचि पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। पुनौराधाम मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
मुख्य बात
पुनौराधाम में राम दरबार की प्रतिमाओं को अस्थायी सीताराम काष्ठ मंडपम में स्थापित किए जाने के साथ ही अब श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर का धार्मिक स्वरूप और अधिक आकर्षक हो गया है। वहीं, 31 दिसंबर 2028 तक भव्य जानकी मंदिर का निर्माण पूरा करने के मुख्यमंत्री के ऐलान से पुनौराधाम के बड़े धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद बढ़ गई है।




