धनबाद को 8 महीने में छठी नई ट्रेन का तोहफा, 22 अगस्त को दौड़ेगी कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस

धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 22 अगस्त को होगा। 22 कोच वाली ट्रेन हर शनिवार धनबाद से चलेगी। जानें रूट, समय और स्टॉपेज।

धनबाद को 8 महीने में छठी नई ट्रेन का तोहफा, 22 अगस्त को दौड़ेगी कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस
सांद ढुलु महतो की पहल का असर,धनबाद को मिली छठी नई ट्रेन।

Advertisement

      HighLights:

  • 22 कोच की होगी धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस, 11 जनरल और 8 स्लीपर कोच 
  • धनबाद से हर शनिवार और कोयंबटूर से हर मंगलवार चलेगी
  • गोमो, कोडरमा, गया, डीडीयू और जबलपुर होकर चलेगी ट्रेन
  • लंबी दूरी के यात्रियों के लिए पैंट्री कार की भी सुविधा

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धनबाद और कोयंबटूर के बीच चलने वाली दूसरी अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन की तारीख तय हो गई है। धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 22 अगस्त को धनबाद से होगा, जबकि वापसी में कोयंबटूर से 25 अगस्त को ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

नई ट्रेन के शुरू होने के साथ ही धनबाद को महज आठ महीने के भीतर छठी नई ट्रेन मिल जाएगी। इससे धनबाद से दक्षिण भारत की ओर रेल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। खासकर कोयंबटूर और आसपास के औद्योगिक एवं रोजगार केंद्रों तक आने-जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

8 महीने में धनबाद की झोली में छठी ट्रेन

जनवरी से अगस्त के बीच धनबाद को मिलने वाली यह छठी नई ट्रेन होगी। इससे पहले हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनल मुंबई एक्सप्रेस, धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस और रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हुआ है। इनमें हावड़ा-आनंद विहार और रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस धनबाद होकर गुजरने वाली ट्रेनें हैं, जबकि मुंबई, पोत्तनूर और भोपाल के लिए धनबाद को सीधी ट्रेन की सुविधा मिली है।

22 कोच के साथ चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस

धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस 22 कोच के साथ चलेगी। ट्रेन में यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 11 जनरल और 8 स्लीपर कोच होंगे। लंबी दूरी की यात्रा को देखते हुए ट्रेन में पैंट्री कार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जनरल कोच की अधिक संख्या से कम किराये में यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि स्लीपर कोच लंबी दूरी के यात्रियों के लिए उपयोगी होंगे।

हर शनिवार धनबाद से खुलेगी ट्रेन

धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन के रूप में चलेगी। ट्रेन संख्या 22363 धनबाद से प्रत्येक शनिवार शाम 4:10 बजे खुलेगी और सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22364 कोयंबटूर से प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:50 बजे खुलेगी और गुरुवार दोपहर 1:00 बजे धनबाद पहुंचेगी। इस तरह धनबाद से कोयंबटूर और कोयंबटूर से धनबाद की यात्रा के लिए यात्रियों को सप्ताह में एक दिन सीधी अमृत भारत एक्सप्रेस की सुविधा मिलेगी।

गोमो-कोडरमा-गया-जबलपुर रूट से चलेगी ट्रेन

धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट भी खास है। यह ट्रेन गोमो, कोडरमा, गया, डीडीयू और जबलपुर होकर कोयंबटूर जाएगी। इससे झारखंड और बिहार के कई हिस्सों के साथ मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी इस ट्रेन का लाभ मिल सकेगा। धनबाद से पहले से ही बोकारो, रांची और राउरकेला होकर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन हो रहा है। अब दूसरी अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से धनबाद से दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी का एक और विकल्प यात्रियों को मिलेगा।

दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत

धनबाद कोयला और औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ-साथ बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से जुड़े यात्रियों का प्रमुख रेल केंद्र भी है। कोयंबटूर जैसे बड़े औद्योगिक शहर के लिए सीधी अमृत भारत ट्रेन मिलने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों, व्यापारियों और आम यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। 22 अगस्त से धनबाद की रेल कनेक्टिविटी के नेटवर्क में एक और अहम कड़ी जुड़ जाएगी। आठ महीने में छठी नई ट्रेन मिलने से धनबाद रेल मंडल के यात्रियों के लिए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।