शिबु सोरेन को 364 दिन पिंजड़े में रखने वाला बेटा चुनाव आने पर पिंजड़ा से मुक्त करता है: सीएम
सीएम रघुवर दास ने कहा हैकि 364 दिन शिबू सोरेन को पिंजड़े में रखने वाला बेटा चुनाव आने पर उन्हें पिंजड़ा से मुक्त करता है. सीएम ने बिना नाम लिए हेमंत सोरेन को औरंगजेब करार दिया.सीएम ने कहा कि 67 साल राज करने वाले भ्रष्ट कांग्रेसियों एवं बाप-बेटा शिबू सोरेन एवं हेमंत सोरेन अपने काम का हिसाब दें.झारखंड में बदलाव दुमका से शुरू हो गया है. लोकसभा चुनाव में शिबू सोरेन हारे अबकी चुनाव में झारखंड से जेएमएम सफाया होगा.सीएम रविवार को अपनी Johar Jan Ashirwad Yatra के तहत गिरिडीह कोडरमा तिलैया और बरही में रोड शो एवं जनसभा को संबोधित किया.
[caption id="attachment_40389" align="alignnone" width="300"]
सभा में उमड़ी भीड़.[/caption]
जमुआ विधानसभा क्षेत्र के रेम्बा मोड़ मैदान में जसनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि जेएमएम ने झारखंड को बेचने एवं कांग्रेस ने चारागाह बनाने का काम किया है.एक बार फिर दोनों पार्टियों को इस चुनाव में जवाब देना होगा. हमने पांच साल जनता की सेवा की और आज रिपोर्ट कार्ड देकर मजदूरी मांगने आए हैं. उन्होंने कहा कि 2022 तक झारखंड के हर घर में पाइप से जलापूर्ति की जायेगी.सभी गावों में स्ट्रीट लाइट लगाई जायेगी.डबल इंजन की सरकार ने गैस चूल्हा एवं दो-दो सिलेंडर का पैसा दिए हैं. कृषि सम्मान योजना बड़ी उपलब्धि है.अब प्रज्ञा केंद्र निःशुल्क पांच लाख का आयुष्मान कार्ड बनायेगा.बीजेपी गर्वमेंट आधी आबादी को उसका हक दिलाने का काम कर रही है. हर गांव में सखी मंडल बनाया जा रहा है. बैंकों से लोन दिलाकर इन महिलाओं को स्वावलंबी बनाया जायेगा.
सीएम ने कहा कि महिला 50 लाख तक की संपति खरीदेगी तो उसे रजिस्ट्री में मात्र एक रुपये लगेंगे. कन्यादान के पहले विद्या दान जरूरी है. सरकार बेटियों को पढ़ाने की सुविधा दे रही है.उन्होंने बेटी और बेटा में फर्क नहीं करने का आह्वान किया. सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने की. सभा को राची एमपी संजय सेठ, कोडरमा एमपी अन्नपूर्णा देवी, एमलएल केदार हाजरा, प्रणव वर्मा, जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, अशोक उपाध्याय आदि ने भी संबोधित किया.
सीएम ने सभा के बाद जमुआ चौक समेत कई जगहों पर जन संवाद किया. जगह-जगह सीएम को सुनने व देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी थी. बीजेपी का एक गुट जमुआ चौक पर सीएम के समक्ष एमएलए केदार हाजरा का विरोध किया. वे लोग इस बार केदार हाजरा को टिकट नहीं देने की मांग कर रहे थे.
परिवारवाद की नहीं, विकास की राजनीति चलेगी
सीएम ने झुमरी तिलैया में रोड शो कर ब्लॉक मैदान पहुंचे में बूंदा-बांदी बारिश के बीच सभा को संबोधित किया. सीएम ने कहा कि झारखंड की जनता ने यह तय कर लिया है कि अब परिवारवाद व जातिवाद की राजनीति नहीं, बल्कि विकास की राजनीति चलेगी. यही कारण है कि लोकसभा चुनाव में संथाल जैसे जगह में पहले पिता को हार मिली और इस बार बेटा-बहू भी हारेंगे.
सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की, इनके शासन से ऊबकर जनता ने भाजपा को सत्ता दी. झारखंड में अब बीजेपी को छोड़कर कोई पार्टी नहीं बची है,बाकी की पार्टियों ने अपने परिवार की कंपनी बना कर रखी है.केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार व राज्य में भी भाजपा की सरकार के रहने से विकास की नयी गाथा लिखी गयी है.महिलाओं, किसानों, युवाओं सभी को योजनाओं से लाभांवित किया गया है. राज्य भर में सड़कों का जाल बिछाया गया है.घर-घर बिजली पहुंचायी गयी है. वंशवाद व परिवारवाद ने युवाओं का हक छीना है. पिछले पांच वर्षों में इस हक को हमारी सरकार ने वापस दिलाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि सोरेन परिवार आदिवासी, जनजाति को बरगलाकर झारखंड को अपना जागिर समझता है. गठबंधन, लूटबंधन व जातिवाद को जनता ने करारा जवाब दिया है. किसानों, महिलाओं की चिंता सिर्फ भाजपा सरकार ने की है.
सीएम ने कोडरमा में गिरते लिंगानुपात पर भी चिंता जताते हुए भ्रूण जांच के चल रहे धंधे व लोगों की सोच को लेकर नसीहत दी.सीएम ने कहा कि ऐसा जो भी डाक्टर कर रहे हैं वे पाप का कार्य कर रहे हैं. ऐसे डाक्टर व अस्पताल सावधान हो जाएं. सरकार इस मामले पर गंभीर है. सृष्टि की जननी को कोख में मारने वाले कोडरमा के पैसा वाले लोगों के परिवार को आह लग जायेगी. गलत तरीके से पैसा कमाने वाले तो सुकून से रह नहीं सकते. पैसा वालों को डायबिटीज हो जा रहा है. नींद नहीं आती.
उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी में फर्क न करें. बेटा तो कभी धोखा दे जाता है, पर बेटी धोखा नहीं देती. उन्होंने बाल विवाह जैसी कुरीतियों को भी मिटाने के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए कई स्तर से मदद दे रही है. मैं एक मजदूर रहा, इसलिए गरीब, मजदूर के दर्द को समझता हूं.राज्य की गोद में पहल रही गरीबी को पूरी तरह नेस्तानाबूद करना मेरा लक्ष्य है.कार्यक्रम में एमपी अन्नपूर्णा देवी, शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव, एमएलए प्रो जानकी यादव, जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता व अन्य मौजूद थे.




