बेलगड़िया वासियों को बड़ी राहत! जल्द शुरू होगा फ्लैटों का लीज ट्रांसफर, फेज-1 और 2 से होगी शुरुआत
धनबाद के बेलगड़िया टाउनशिप में भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित परिवारों को अलॉट फ्लैटों का लीज ट्रांसफर जल्द शुरू होगा। उपायुक्त आदित्य रंजन ने फेज-1 और 2 से प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। म्यूटेशन कार्य अंतिम चरण में है।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल के भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। बेलगड़िया टाउनशिप में पुनर्वास के तहत आवंटित फ्लैटों की लीज ट्रांसफर प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने जा रही है। जिला प्रशासन ने इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद, सिंदरी, निरसा, बाघमारा व ट्रैफिक डीएसपी ने पदभार संभाला, जनता से सहयोग की अपील
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने स्टार मार्क शिकायतों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि म्यूटेशन प्रक्रिया पूरी होते ही लीज ट्रांसफर का काम प्रारंभ किया जाए। प्रशासन ने पहले चरण में फेज-1 और फेज-2 को शामिल किया है। इसके बाद क्रमशः फेज-6, फेज-3 और फेज-4 में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
म्यूटेशन का काम अंतिम चरण में
बैठक के दौरान बलियापुर अंचल अधिकारी ने जानकारी दी कि बेलगड़िया टाउनशिप के लिए बीसीसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि के म्यूटेशन का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। इस सूचना पर संतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि वर्षों से पुनर्वासित परिवार लीज ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। अब प्रशासन इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगा ताकि लोगों को कानूनी अधिकार और स्थायित्व मिल सके।
कई विकास योजनाओं की भी हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन ने अंचलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा की। इनमें निरसा पॉलिटेक्निक, आरएसपी कॉलेज झरिया, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के जिला कार्यालय तथा गोविंदपुर में प्रस्तावित सिटी फॉरेस्ट के लिए भूमि उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे शामिल थे।
अतिक्रमण हटाने और सरकारी जमीन बचाने के निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने गैर आबाद सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलवे से जुड़े लंबित भूमि मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए समन्वय बैठक आयोजित करने को कहा। इसके साथ ही एएनएम कॉलेज निर्माण सहित अन्य विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भूमि हस्तांतरण पर जोर
बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों के लिए आवश्यक भूमि का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, प्रत्येक अंचल में लैंड बैंक का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने को भी कहा गया।
बैठक में अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, डीसीएलआर दिलीप कुमार महतो, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम सहित सभी अंचलों के अंचल अधिकारी उपस्थित थे।






