बिहार पुलिस में बंपर बहाली का बिगुल: 8000 दारोगा पदों पर भर्ती की तैयारी, 400+ SI बनेंगे इंस्पेक्टर

बिहार पुलिस में बड़े स्तर पर दारोगा भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। 8,000 पद विमुक्त किए गए हैं, जिनमें 7,200 पदों का जिलावार आवंटन हो चुका है। वहीं 400 से अधिक दारोगाओं को इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन मिलने की उम्मीद है।

बिहार पुलिस में बंपर बहाली का बिगुल: 8000 दारोगा पदों पर भर्ती की तैयारी, 400+ SI बनेंगे इंस्पेक्टर
बिहार पुलिस में नौकरी का बड़ा मौका।

  • बिहार पुलिस में दारोगा और समकक्ष के 20,937 पद सृजित
  • पहले चरण में 8,000 पद विमुक्त, 7,200 पदों का आवंटन पूरा
  • पटना में सबसे ज्यादा 2,809 दारोगा पदों का आवंटन
  • 2009 बैच के दारोगाओं को प्रमोशन मिलने की संभावना बढ़ी

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार पुलिस में बड़े पैमाने पर भर्ती और प्रमोशन की तैयारी शुरू हो गई है। बढ़ती जनसंख्या और पुलिस बल की जरूरतों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) और समकक्ष श्रेणी के पदों में बड़े विस्तार का फैसला लिया है। इसके तहत दारोगा और समकक्ष कोटि के कुल 20,937 पद सृजित किए गए हैं। इनमें से 8,000 पदों को हाल ही में विमुक्त कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:CBSE में बड़ा एक्शन: चेयरमैन-सचिव हटे, लोखंडे प्रशांत सीताराम बने नए बॉस

पुलिस मुख्यालय ने पहले चरण में 7,200 पदों का जिलावार, इकाईवार और कार्यालयवार आवंटन भी पूरा कर लिया है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय के आईजी स्तर से आदेश जारी कर सभी जिलों और इकाइयों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

पटना में सबसे ज्यादा बढ़ेगी दारोगाओं की संख्या

नई व्यवस्था के तहत सबसे अधिक दारोगा पद राजधानी पटना को मिले हैं। अभी पटना जिले में दारोगा पदों की संख्या 2,081 है, जो नए आवंटन के बाद बढ़कर 2,809 हो जाएगी। इसके अलावा गया जिले में 1,242, मोतिहारी में 1,148, मुजफ्फरपुर में 929 और नालंदा में 926 दारोगा पदों का कुल आवंटन किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और इकाई प्रमुखों को निर्देश दिया है कि आवंटित पदों को स्वीकृत संवर्ग में शामिल कर नई संरचना के अनुसार अंतिम रूप से फ्रीज किया जाए।

यह भी पढ़ें: बिहार:“पिता, पुत्र और पत्नी के लिए अलग सरकारी आवास नहीं चलेगा…” CM सम्राट चौधरी का लालू परिवार पर बड़ा हमला

400 से अधिक दारोगाओं को मिलेगा प्रमोशन

बिहार पुलिस में केवल भर्ती ही नहीं बल्कि प्रमोशन की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय ने 400 से अधिक पुलिस अवर निरीक्षकों (SI) को इंस्पेक्टर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीआईजी कार्मिक की ओर से जारी आदेश में क्षेत्रीय आईजी और डीआईजी को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्रीय चयन पर्षद के माध्यम से 15 जून तक योग्य अधिकारियों की सूची भेजी जाए।

आदेश के अनुसार वरीयता क्रमांक 10,222 तक के पुलिस अवर निरीक्षकों को इंस्पेक्टर कोटि में उच्चतर पद का कार्यकारी प्रभार वेतनमान सहित दिया जाना है।बताया जा रहा है कि अब तक करीब 9,800 अधिकारियों को उच्चतर प्रभार मिल चुका है। ऐसे में नए आदेश के बाद शेष 422 दारोगाओं के इंस्पेक्टर बनने की संभावना बढ़ गई है। इनमें सबसे अधिक संख्या वर्ष 2009 बैच के दारोगाओं की बताई जा रही है।

युवाओं के लिए बड़ा अवसर

बिहार पुलिस की यह तैयारी राज्य के लाखों प्रतियोगी छात्रों और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर मानी जा रही है। आने वाले समय में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, जिस पर युवाओं की नजरें टिकी हुई हैं।