दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन:फाउंडर अभिजीत दीपके बोले- 5 दिन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें

NEET पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का बड़ा प्रदर्शन हुआ। फाउंडर अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री को 5 दिन में इस्तीफा देने की चेतावनी दी।

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन:फाउंडर अभिजीत दीपके  बोले- 5 दिन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें
कॉकरोच मास्क पहनकर हजारों छात्र उतरे सड़क पर।

     HighLights

  • दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का 5 घंटे लंबा प्रदर्शन
  • फाउंडर अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया
  • NEET पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों के खिलाफ हजारों छात्र जुटे
  • प्रदर्शन में सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हुए
  • पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान 6 लोगों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk) : राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर शनिवार को छात्रों और युवाओं के गुस्से का केंद्र बन गया, जब NEET पेपर लीक समेत विभिन्न परीक्षा गड़बड़ियों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बड़ा प्रदर्शन किया। करीब 5 घंटे तक चले इस प्रदर्शन में हजारों छात्र, अभिभावक और युवा शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया, जिन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला।

यह भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, टीम इंडिया में एंट्री; अब निशाने पर सचिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड

अभिजीत दीपके ने मंच से केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अगर अगले 5 दिनों के भीतर शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो अगले शनिवार फिर जंतर-मंतर पर इससे बड़ा प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा, "देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। हमें वर्षों से हिंदू-मुस्लिम की राजनीति में उलझाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाया गया। अब छात्र अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतर चुके हैं।"

यह भी पढ़ें: 'कॉकरोच इज बैक'... 6 जून को भारत लौटेंगे अभिजीत दिपके, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर करेंगे प्रदर्शन

अमेरिका से सीधे प्रदर्शन स्थल पहुंचे अभिजीत

अभिजीत दीपके शनिवार सुबह विदेश से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंच गए। उनके समर्थकों ने उनका स्वागत किया और देखते ही देखते प्रदर्शन स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र कॉकरोच मास्क पहनकर पहुंचे। कई लोग हाथों में संविधान की प्रतियां, अंबेडकर की तस्वीरें और शिक्षा सुधार से जुड़े पोस्टर लिए दिखाई दिए।

सोनम वांगचुक भी मंच पर पहुंचे

प्रदर्शन के दौरान सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने मंच साझा करते हुए प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की। वांगचुक ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुना जाना चाहिए।

पुलिस अलर्ट, 6 लोग हिरासत में

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस ने बताया कि संभावित विवाद और माहौल बिगाड़ने की आशंका के चलते 6 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। जंतर-मंतर के दोनों तरफ बैरिकेडिंग की गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस एवं अर्धसैनिक बल तैनात रहे।

5 घंटे बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन दोपहर बाद तक चला। करीब 3 बजे अभिजीत दीपके और अन्य प्रमुख चेहरे वहां से रवाना हुए, जिसके बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारी भी वापस लौटने लगे। हालांकि, मंच से साफ कर दिया गया कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।