एक्शन मोड में धनबाद पुलिस! 30 साल पुराने केसों की खुली फाइलें, 687 मामलों में दाखिल हुई चार्जशीट

धनबाद पुलिस ने वर्षों से लंबित मामलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 से 30 साल पुराने 687 केसों में चार्जशीट और फाइनल फॉर्म कोर्ट में दाखिल किया है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया, जिससे अब इन मामलों में ट्रायल शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

एक्शन मोड में धनबाद पुलिस! 30 साल पुराने केसों की खुली फाइलें, 687 मामलों में दाखिल हुई चार्जशीट
एसएसपी प्रभात कुमार (फाइल फोटो)।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले के विभिन्न थानों में वर्षों से धूल फांक रही केस फाइलों पर अब पुलिस प्रशासन की नजर पड़ी है। लंबे समय से लंबित मामलों को लेकर धनबाद पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। 20 से 30 साल पुराने उन मामलों में, जिनमें अब तक चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में दाखिल नहीं किया गया था, अब तेजी से कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश : ट्विशा डेथ मिस्ट्री में नया ट्विस्ट! लिगेचर रिपोर्ट ने बताया सुसाइड, परिवार बोला- ‘यह हत्या है’

धनबाद पुलिस की इस विशेष पहल के तहत मई माह के पहले पखवाड़े में जिले के अलग-अलग थानों से कुल 687 मामलों में चार्जशीट और फाइनल फॉर्म कोर्ट में जमा कराया गया है। इसे जिले में लंबित मामलों को निपटाने की दिशा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।

न्याय में देरी पर उठ रहे थे सवाल

लंबे समय तक चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण इन मामलों में ट्रायल शुरू नहीं हो पा रहा था। इससे पीड़ितों को न्याय मिलने में वर्षों की देरी हो रही थी। कई मामलों में आरोपी कानूनी प्रक्रिया की धीमी गति का फायदा उठा रहे थे, जबकि न्यायिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने लंबित मामलों की समीक्षा के बाद इस स्थिति को गंभीरता से लिया और विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम

एसएसपी के निर्देश के बाद अभियोजन शाखा प्रभारी मुकेश चौधरी के नेतृत्व और डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न थानों में वर्षों से लंबित मामलों की फाइलों की गहन समीक्षा की। जांच के दौरान कई मामलों में तकनीकी कमियां, दस्तावेजी त्रुटियां और प्रशासनिक लापरवाही सामने आई। टीम ने इन कमियों को दूर कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसके बाद न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कराई गई।

तकनीकी लापरवाही बनी बड़ी वजह

पुलिस जांच में यह सामने आया कि कई मामलों में अनुसंधान वर्षों पहले पूरा हो चुका था, लेकिन तकनीकी लापरवाही, दस्तावेजों की कमी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण चार्जशीट कोर्ट तक नहीं पहुंच पाई। अब पुलिस प्रशासन दावा कर रहा है कि ऐसे सभी लंबित मामलों को चिन्हित कर तेजी से न्यायालय भेजा जा रहा है, ताकि ट्रायल शुरू हो सके और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज हो।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट कहा है कि पुराने लंबित मामलों को निपटाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित अन्य मामलों में भी जल्द चार्जशीट दाखिल कर न्यायिक प्रक्रिया को गति दी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान से न केवल न्याय प्रक्रिया मजबूत होगी, बल्कि जनता का पुलिस और न्याय व्यवस्था पर भरोसा भी बढ़ेगा।