धनबाद: “समर्पण एक नेक पहल” का 6वां स्थापना दिवस: एम्बुलेंस सेवा शुरू… ढुलू बोले- ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणा
धनबाद में सामाजिक संस्था “समर्पण एक नेक पहल” का 6वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ हुआ, रक्तदान और जनसेवा कार्यों की सराहना की गई।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): समाज सेवा, मानवता और जनकल्याण के उद्देश्य से कार्य कर रही सामाजिक संस्था “समर्पण एक नेक पहल” ने शनिवार को अपना 6वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और सेवा भावना के साथ मनाया। कोयला नगर स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स कम्यूनिटी हॉल में आयोजित इस समारोह में सामाजिक कार्यों, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनसेवा के नए संकल्पों के बीच संस्था ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।
यह भी पढ़ें: धनबाद:सेवा का एक साल पूरा: युवा संघर्ष मोर्चा ने गरीबों के बीच बांटे भोजन और छाते, समाजसेवा की बनी मिसाल
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। समारोह का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण समाजहित में शुरू की गई नई एम्बुलेंस सेवा रही, जिसका उद्घाटन सांसद निधि से उपलब्ध कराए गए वाहन के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विशिष्ट अतिथि के रूप में शत्रुघ्न महतो तथा बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल, संस्था के संस्थापक सह केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान और मंजीत सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद फीता काटकर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
समाजहित में नई शुरुआत: एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ
समारोह के दौरान सांसद मद से उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस को संस्था की ओर से समाज सेवा के लिए समर्पित किया गया। सांसद ढुल्लू महतो ने फीता काटकर इस एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया और संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज में मानवता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।उन्होंने कहा कि समाज सेवा केवल एक कार्य नहीं बल्कि जिम्मेदारी है और संस्था जिस प्रकार वर्षों से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचा रही है, वह अन्य संगठनों के लिए भी प्रेरणादायक है। सांसद ने संस्था को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अगले वर्ष शव वाहन देने की घोषणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि संस्था लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष संस्था को एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है और अगले वर्ष तक संस्था को एक शव वाहन भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
“सेवा ही सबसे बड़ा धर्म”: दीपेश चौहान
संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान ने कहा कि सेवा और मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। उन्होंने कहा कि संस्था कई वर्षों से जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है जो जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर सीधे मानव जीवन बचाने का काम करता है। संस्था आने वाले समय में अपने सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर ले जाएगी।
समाजसेवियों का हुआ सम्मान, रक्तदान अभियान की सराहना
समारोह के दौरान संस्था द्वारा किए जा रहे रक्तदान अभियान, जनसेवा कार्यों और सामाजिक योगदान की व्यापक सराहना की गई। समाज के प्रति समर्पित कई व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के केंद्रीय प्रवक्ता रिंकू भट्टाचार्ज ने किया। समारोह में केंद्रीय सचिव राज गोस्वामी, केंद्रीय कोषाध्यक्ष बिट्टू चौहान, बोकारो टीम के सलाहकार चंदन चौहान, धीरज सिंह, तपेश्वर चौहान, बंटी पांडेय, सुजीत मोदी, तपन मंडल, निरंजन चटर्जी, धर्मेंद्र चौहान, राणा बनर्जी, राजू सिंह सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थापना दिवस समारोह ने यह संदेश दिया कि यदि समाज सेवा को संकल्प और समर्पण के साथ किया जाए, तो छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव की नींव बन सकते हैं।






