धनबाद: खूनी लव ट्रायंगल! प्रेमिका ने मंगेतर संग मिलकर पुराने प्रेमी का रेत दिया गला

धनबाद के भौंरा क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी से पहले वीडियो वायरल करने की कथित धमकी से परेशान युवती ने अपने मंगेतर के साथ मिलकर पुराने प्रेमी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

धनबाद: खूनी लव ट्रायंगल! प्रेमिका ने मंगेतर संग मिलकर पुराने प्रेमी का रेत दिया गला
शादी की शहनाई से पहले बिछ गई लाश।

       HighLights:

  •  धनबाद में प्रेमिका और उसके मंगेतर पर पुराने प्रेमी की हत्या का आरोप
  •  शादी तय होने के बाद वीडियो वायरल करने की कथित धमकी बनी हत्या की वजह
  •  श्मशान घाट बुलाकर शराब पिलाई, फिर धारदार हथियार से गला रेतने का आरोप
  •  पुलिस ने प्रेमिका को गिरफ्तार कर भेजा जेल, परिजनों ने जांच पर उठाए सवाल

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले से प्रेम प्रसंग, विश्वासघात और हत्या की एक ऐसी सनसनीखेज कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यहां एक युवती पर आरोप है कि उसने अपने होने वाले पति के साथ मिलकर अपने ही पुराने प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह बताई जा रही है—शादी से पहले पुराने वीडियो वायरल करने की कथित धमकी।

यह भी पढ़ें: BSL में बड़ा प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक! 40 अधिकारियों का एक साथ तबादला, कई विभागों में मची हलचल

यह मामला भौंरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला स्थित दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास मिले 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के शव से जुड़ा है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी जांच, पूछताछ और सबूतों के आधार पर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली गई है।

शादी तय होते ही बढ़ा तनाव

पुलिस के अनुसार, दिलशाद अंसारी और कोमल वर्णवाल के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। इसी बीच कोमल की शादी झरिया निवासी रोशन के साथ तय हो गई। शादी तय होने के बाद युवती पुराने रिश्ते से बाहर निकलना चाहती थी, लेकिन दिलशाद कथित तौर पर लगातार संपर्क बनाए रखना चाहता था।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि दिलशाद कथित रूप से पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया।

श्मशान घाट में रची गई हत्या की पूरी साजिश

पुलिस के मुताबिक, इस विवाद से छुटकारा पाने के लिए कोमल और उसके मंगेतर रोशन ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत दिलशाद को कालीमेला श्मशान घाट के समीप बुलाया गया।वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया। हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

चाकू तालाब से बरामद, मोबाइल भी मिला

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम बनाई गई। डीएसपी पीसी महतो के नेतृत्व में हुई जांच में पुलिस को कई तकनीकी सबूत मिले।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कोमल ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जीतपुर तिवारी बस्ती स्थित तालाब से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। मृतक का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस की थ्योरी पर उठे सवाल

हालांकि, पुलिस के खुलासे से मृतक के परिवार वाले संतुष्ट नहीं हैं। गुरुवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने जोड़ापोखर थाना के सामने प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक के भाई और चाचा का आरोप है कि हत्या में केवल दो लोग नहीं, बल्कि कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। परिवार का कहना है कि कुछ लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है।

दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं

इस पूरे घटनाक्रम की सबसे दुखद बात यह है कि दोनों पक्षों में शादी की तैयारियां चल रही थीं। घरों में जहां शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।एक प्रेम कहानी, जो कभी रिश्तों की शुरुआत थी, आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गई।