दुबई-पाकिस्तान से चल रहा Gangs of Wasseypur! इंटरनेशनल भगोड़ा घोषित होंगे प्रिंस खान समेत 3 गैंगस्टर
धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान, उसके भाई गोपी खान और साले रितिक खान पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गई है। धनबाद पुलिस ने तीनों की पूरी आपराधिक जानकारी CID को भेज दी है, जबकि इंटरपोल से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का आग्रह किया गया है। विदेश से संचालित हो रहे वासेपुर गैंग पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी।
Highlights
- प्रिंस खान ,गोपी खान और रितिक खान को इंटरनेशनल फ्यूजिटिव घोषित कराने की तैयारी
- झारखंड ATS ने इंटरपोल से प्रिंस खान के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का आग्रह किया
- धनबाद पुलिस ने तीनों अपराधियों की पूरी आपराधिक कुंडली CID को भेजी
- प्रिंस खान पर 60 से अधिक, गोपी पर 20 और रितिक पर 8 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
- गैंग के गुर्गों के साथ 30 रिश्तेदार भी पुलिस की निगरानी में
धनबाद (Threesocieties.com Desk) : वासेपुर के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और उसके नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए झारखंड पुलिस ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। धनबाद पुलिस ने विदेश भाग चुके प्रिंस खान, उसके भाई गोपी खान और साले रितिक खान की पूरी आपराधिक कुंडली झारखंड CID को सौंप दी है। इसके साथ ही झारखंड ATS ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य मुख्यालय के माध्यम से इंटरपोल से प्रिंस खान के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़ें: देवघर एयरपोर्ट की उड़ान को मिलेगी नई रफ्तार, बनेगा नया टर्मिनल; क्षमता होगी दोगुने से भी ज्यादा
ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद संबंधित देश की एजेंसियां प्रिंस खान के ठिकाने, गतिविधियों और आवागमन की जानकारी साझा कर सकेंगी। इसके आधार पर भारत सरकार आगे की कानूनी कार्रवाई और प्रत्यर्पण संबंधी प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकती है।
विदेश से चल रहा अपराध का नेटवर्क
झारखंड CID ने हाल ही में सभी जिलों से उन अपराधियों की जानकारी मांगी थी जो देश छोड़कर विदेश भाग गए हैं और वहीं से आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। इसी क्रम में धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान, गोपी खान और रितिक खान के खिलाफ दर्ज मामलों, जांच की स्थिति, चार्जशीट, वारंट और अन्य कानूनी दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा भेजा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वासेपुर के चर्चित जमीन कारोबारी नन्हे हत्याकांड के बाद 21 नवंबर 2021 को प्रिंस खान देश छोड़कर फरार हो गया था। उसके साथ गोपी खान, सैफी उर्फ भेजर और रितिक खान भी विदेश चले गए थे। जांच एजेंसियों को मिली जानकारी के मुताबिक प्रिंस पहले दुबई पहुंचा और बाद में पाकिस्तान चला गया, जबकि गोपी और रितिक संयुक्त अरब अमीरात के अजमान शहर से गैंग ऑपरेट कर रहे हैं।
पुलिस रिकार्ड में 60 से अधिक मामलों का आरोपी है प्रिंस
पुलिस के अनुसार प्रिंस खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े 60 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके भाई गोपी खान पर 20 से ज्यादा और रितिक खान पर 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।CID ने धनबाद पुलिस से इन अपराधियों के पासपोर्ट, विदेश जाने के रूट, इस्तेमाल किए गए नाम-पते, स्थानीय सहयोगियों, जमीन कारोबारियों और कथित सफेदपोश मददगारों की भी जानकारी मांगी थी। इसके अलावा हालिया तस्वीरें, फिंगरप्रिंट और पहचान संबंधी अन्य विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा गया था। धनबाद पुलिस ने यह सभी सूचनाएं CID को सौंप दी हैं।
30 रिश्तेदार भी पुलिस के रडार पर
प्रिंस खान गैंग को आर्थिक और लॉजिस्टिक मदद पहुंचाने वालों की पहचान के लिए पुलिस ने निगरानी का दायरा बढ़ा दिया है। गैंग के गुर्गों के अलावा करीब 30 रिश्तेदारों को भी पुलिस ने रडार पर रखा है। इनमें उसके माता-पिता, पत्नी, भाई बंटी खान समेत कई करीबी रिश्तेदार शामिल बताए जा रहे हैं। हाल ही में कोलकाता से गिरफ्तार किए गए प्रिंस के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ भेजर से पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थीं। पूछताछ में यह भी सामने आया था कि रंगदारी और अन्य अवैध वसूली से प्राप्त धन का लाभ किन-किन लोगों तक पहुंचा। इसी आधार पर पुलिस संबंधित लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
पुलिस ने क्या कहा
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि CID द्वारा विदेश भागकर संगठित अपराध संचालित करने वाले अपराधियों की जानकारी मांगी गई थी। प्रिंस खान, गोपी खान और रितिक खान के संबंध में उपलब्ध सभी सूचनाएं CID को भेज दी गई हैं। आगे की कार्रवाई राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के स्तर पर की जाएगी।
झारखंड पुलिस का मानना है कि विदेश में बैठे अपराधियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से कार्रवाई तेज होने से राज्य में संगठित अपराध और रंगदारी नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।






