IND vs PAK: दीप्ति का ‘पंजा’, मंधाना का धमाका... वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से रौंदा
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। स्मृति मंधाना ने 68 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 10 रन देकर 5 विकेट झटकते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी ध्वस्त कर दी।
बर्मिंघम (Threesocieties.com Desk): विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान का आगाज शानदार जीत के साथ किया। एजबेस्टन में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया। मैच की सबसे बड़ी स्टार रहीं ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 10 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह भी पढ़ें: रोशितस्य रॉय बने झारखंड के नए महाधिवक्ता, राजीव रंजन का इस्तीफा मंजूर,सरकार ने जारी की अधिसूचना
इससे पहले बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन और ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर ताबड़तोड़ 34 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
मंधाना और हरमनप्रीत ने संभाली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
मंधाना ने अपनी आकर्षक पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं हरमनप्रीत ने कप्तानी जिम्मेदारी निभाते हुए 36 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर पाकिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी 200 की स्ट्राइक रेट वाली 34 रन की पारी ने भारत को 20 ओवर में 170/6 के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।
पाकिस्तान ने की तेज शुरुआत, फिर बिखर गई पूरी टीम
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाजी की। मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े। पावरप्ले में पाकिस्तान ने 52 रन बनाए, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप में उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। मुनीबा अली ने 35 गेंदों पर 41 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उनके रनआउट होते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
दीप्ति शर्मा के सामने बेबस दिखीं पाक बल्लेबाज
भारतीय टीम की वापसी की पटकथा दीप्ति शर्मा ने लिखी। उन्होंने पहले गुल फिरोजा और आयशा जफर को आउट कर पाकिस्तान पर दबाव बनाया। इसके बाद एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर मैच पूरी तरह भारत की झोली में डाल दिया। दीप्ति ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन खर्च किए और 5 विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। उनके अलावा श्री चरणी ने 3 विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 64 रन से जीत लिया।
पॉइंट्स टेबल में भारत की शानदार एंट्री
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप-ए में अपने अभियान की सफल शुरुआत की है। भारत के खाते में 2 अंक आ गए हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि भारत का नेट रन रेट भी मजबूत स्थिति में है।
भारत की यह जीत सिर्फ दो अंक नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट के लिए एक बड़ा संदेश है कि टीम इंडिया इस बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरी है। पाकिस्तान के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ेगा और आगे के मुकाबलों में टीम और मजबूती के साथ उतरती नजर आएगी।






