झारखंड: कैंडल मार्च में भड़के डुमरी विधायक जयराम महतो, युवक का मोबाइल छीनकर फोड़ा; VIDEO वायरल
बोकारो में कैंडल मार्च के दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो का गुस्सा फूट पड़ा। युवक का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, घटना का वीडियो वायरल। जानें पूरा मामला।
बोकारो (Threesocieties.com Desk): झारखंड की राजनीति में एक बार फिर डुमरी विधानसभा सीट से विधायक जयराम महतो विवादों में घिर गए हैं। बोकारो में आयोजित एक कैंडल मार्च के दौरान उनका गुस्सा इस कदर भड़क गया कि उन्होंने एक युवक का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: जदयू विधायक अमरेंद्र पाण्डेय पर शिकंजा! वारंट जारी, जमीन कब्जा कांड में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
कैंडल मार्च में हुआ हंगामा
यह घटना बोकारो में उस समय हुई जब लापता युवती पुष्पा कुमारी को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला जा रहा था। इस मार्च में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और विधायक जयराम महतो भी शामिल हुए थे। मार्च के दौरान माहौल अचानक तब गरमा गया, जब भीड़ में मौजूद एक महिला ने विधायक से सीधे सवाल पूछ लिया। महिला ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ने पुष्पा को ढूंढने के नाम पर पैसे लिए हैं। पुष्पा कुमारी की मां रेखा देवी के वे आरोप हैं, जिसमें उन्होंने विधायक की पार्टी जेएलकेएम (JLKM) की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा कुमारी पर 10 हजार रुपये लेने का इल्जाम लगाया था। महिला का दावा है कि उसने स्वयं सहायता समूह से कर्ज लेकर यह राशि बेटी की खोजबीन में मदद के नाम पर दी थी।
वीडियो बना रहे युवक पर फूटा विदायक का गुस्सा
कैंडल मार्च के दौरान जब एक महिला ने यही मुद्दा विधायक के सामने उठाया, तो आक्रोशित हो गये। विधायक और महिला के बीच तीखी बहस हो ही रही थी कि जयराम महतो की नजर वीडियो बना रहे एक युवक पर पड़ी। आक्रोशित विधायक ने तुरंत युवक का मोबाइल छीना और उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे फोन टूट गया। विधायक के इस व्यवहार को देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गये। मौके पर कुछ ने नाराजगी भी जाहिर की।
मौके से निकल गये विधायक
हंगामा बढ़ता देख विधायक जयराम महतो अपनी गाड़ी में बैठकर तुरंत वहां से रवाना हो गये। हालांकि, मोबाइल टूटने से पहले और बाद के घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग विधायक के इस आचरण पर सवाल उठा रहे हैं, खासकर तब जब वे खुद को युवाओं और आम जनता का प्रतिनिधि बताते हैं। .
पहले भी रहे हैं विवादों में
यह कोई पहला मौका नहीं है जब जयराम महतो विवादों में आए हों। इससे पहले भी उनके बयान और व्यवहार को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं।
क्या है पुष्पा कुमारी केस?
पुष्पा कुमारी के लापता होने का मामला इलाके में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बेटी को खोजने के नाम पर उनसे पैसे लिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सोशल मीडिया पर बवाल
घटना का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कई लोग विधायक के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं, तो कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब बड़ा सवाल: क्या इस मामले में विधायक के खिलाफ कार्रवाई होगी या फिर यह विवाद भी समय के साथ ठंडा पड़ जाएगा?
(Threesocieties.com पर ऐसे ही अपडेट्स के लिए जुड़े रहें)






