झारखंड: 1300 रुपये के लालच में दोस्त बना दरिंदा: पलामू में पहले लूटा, फिर दो-दो हत्याएं कर शव जलाया
झारखंड के पलामू में 1300 रुपये के लालच में हुए डबल मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। आरोपी ने पहले शंकर राम की हत्या की, फिर राज खुलने के डर से अपने साथी को भी मार डाला।
पलामू (Threesocieties.com Desk): झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 1300 रुपये के लालच में एक युवक ने ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया कि सुनकर रूह कांप जाए। पुलिस ने जनवरी में हुए इस डबल मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: VIP कल्चर को ठेंगा! चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने लाइन में लगकर लिया भोजन, सादगी ने जीता दिल
#दोहरी हत्या कांड का उद्भेदन, एक अभियुक्त गिरफ्तार – लूटपाट के बाद दो लोगों की बेरहमी से हत्या*
— Palamu Police (@policepalamau) April 7, 2026
चैनपुर एवं शहर थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्या कांड का पलामू पुलिस द्वारा सफल उद्भेदन करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया..@JharkhandPolice @DC_Palamu @DIGPalamau @Michaelraj_ips pic.twitter.com/nYtFJpBOK3
कैसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
पलामू पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को चैनपुर थाना क्षेत्र के रैनीबांध तालाब के पास एक आंशिक रूप से जला हुआ शव बरामद हुआ था। जांच में मृतक की पहचान आबादगंज निवासी शंकर राम (37) के रूप में हुई। उसी दिन मेदिनीनगर शहर के रेलवे पुल के पास एक और अज्ञात शव मिला, जिसका सिर पत्थर से कूचकर हत्या की गई थी। दो-दो हत्याओं से इलाके में सनसनी फैल गई।
स्पेशल टीम बनी, आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदिग्ध चुनमुन चौधरी उर्फ अजित चौधरी (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने पूरे अपराध को कबूल कर लिया।
1300 रुपये बने दो हत्याओं की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 जनवरी की शाम वह शंकर राम और अपने साथी करिवा उर्फ छोटू के साथ डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास बैठा था। इसी दौरान उसे पता चला कि शंकर के पास 1300 रुपये हैं। लालच में आकर उसने करिवा के साथ मिलकर शंकर को सुनसान इलाके में ले जाकर पहले लूटपाट की और फिर पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया।
राज खुलने के डर से साथी को भी मार डाला
वारदात के बाद जब दोनों लौट रहे थे, तो पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। करिवा ने राज खोलने की धमकी दी, जिसके बाद चुनमुन ने उसे भी रेलवे पुल के पास ले जाकर पत्थर से मार डाला और शव छिपा दिया।
पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का पर्स, आधार कार्ड और अन्य सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल इस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।






