बिहार: खान सर पर कानूनी शिकंजा! ‘गोली चलाओ, मैं देख लूंगा’ वाले आरोप से मचा बवाल

पटना में खान सर कोचिंग विवाद मामले में बड़ा मोड़ आया है। पुलिस ने फायरिंग केस में खान सर उर्फ फैजल खान को नामजद करते हुए गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। गार्डों की गिरफ्तारी, वायरल वीडियो और छात्रों के प्रदर्शन के बाद जांच तेज हो गई है।

बिहार: खान सर पर कानूनी शिकंजा! ‘गोली चलाओ, मैं देख लूंगा’ वाले आरोप से मचा बवाल
खान सर (फाइल फोटो)।

       HighLights

  • पटना में 2 जून की रात हुए कोचिंग विवाद मामले में खान सर का नाम FIR में जोड़ा गया
  • गिरफ्तार गार्डों की स्वीकारोक्ति के बाद हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस
  • वायरल वीडियो, छात्रों के प्रदर्शन और विरोधाभासी बयानों ने बढ़ाई मुश्किलें
  • पुलिस वीडियो, गवाहों और FSL रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ा रही जांच
  • खान सर बोले- गार्डों ने आत्मरक्षा में चलाई थी गोली

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार के चर्चित शिक्षक और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने वाले खान सर अब गंभीर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। 2 जून की रात पटना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर हुए विवाद और फायरिंग मामले में अब पुलिस ने खान सर उर्फ फैजल खान का नाम भी FIR में जोड़ दिया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार किए गए सुरक्षा गार्डों की स्वीकारोक्ति और जांच में सामने आए तथ्यों के बाद यह कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़ें: बिहार MLC चुनाव में बड़ा खेल! JDU ने निशांत पर लगाया दांव, BJP ने पवन सिंह को दिया टिकट

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस ने दो बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और अब जांच की दिशा सीधे खान सर तक पहुंच गई है। खान सर मूलरूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं। उनका असली नाम फैजल खान है। लंबे समय से वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को पढ़ाते हैं। उनके कोचिंग सेंटर का नाम खान ग्लोबल स्टडीज एकेडमी है।

खान सर को गिरफ्तारी के लिए खोज रही पुलिस, कोर्ट में करेंगे सरेंडर?
पटना के मशहूर कोचिंग शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर किसी भी समय गिरफ्तार हो सकते हैं। पुलिस उन्हें खोज रही है, लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं है। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग मामले की एफआईआर में पटना पुलिस ने खान सर को नामजद कर दिया है। उन पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पटना पुलिस ने आज दोपहर बयान जारी कर कोचिंग सेंटर की प्रतिस्पर्धा की लड़ाई में छात्र-छात्राओं को किसी के बहकावे नहीं आने की अपील की है। खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वह कल कोर्ट में सरेंडर भी कर सकते हैं।

‘गोली चलाओ, जो होगा मैं देख लूंगा’ का आरोप

कदमकुआं थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना के दौरान खान सर मौके पर मौजूद थे और कथित तौर पर उन्होंने गार्डों से कहा, “खड़े होकर क्या कर रहे हो, फायर करो, जो होगा मैं देख लूंगा।” FIR में दावा किया गया है कि इसके बाद दोनों गार्डों ने कई राउंड फायरिंग की।पुलिस अधिकारी अनिल कुमार के बयान के आधार पर दर्ज केस में खान सर, दोनों सुरक्षा गार्ड और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच अभी जारी है।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर अचानक हंगामा शुरू हो गया। शुरुआती जानकारी में कहा गया कि कोचिंग सेंटर पर हमला और पथराव हुआ। इसी दौरान सुरक्षा गार्डों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया।इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों गार्डों को गिरफ्तार किया। जांच आगे बढ़ी तो छात्रों के प्रदर्शन, वायरल वीडियो और गवाहों के बयानों के बाद मामला और गंभीर होता चला गया।  ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 को गिरफ्तार किया गया। अगले दिन ज्ञान बिंदु ने उसी रात का एक वीडियो जारी किया, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो की सत्यता जांच कर दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। अब खान सर के भी इसी मामले में जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है।

घायल गार्ड का दावा- दोनों ओर से हुई थी फायरिंग

घटना में घायल सुरक्षा गार्ड चुनचुन कुमार ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि विवाद के दौरान उन पर हमला किया गया था। उनका कहना है कि हमलावरों के पास भी हथियार थे और दोनों ओर से फायरिंग हुई थी।गार्ड के मुताबिक, जब वह घायल हालत में कोचिंग पहुंचा तो खान सर अपने चैंबर में मौजूद थे। उसने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने कोचिंग को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।हालांकि, पुलिस फिलहाल इन दावों की स्वतंत्र जांच कर रही है।

छात्रों के प्रदर्शन से बढ़ा दबाव

घटना के बाद मामला तब और बड़ा हो गया जब ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुरुवार को पटना के कारगिल चौक पर बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया।इससे पहले पुलिस ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को भी गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार बढ़ते दबाव के बीच पुलिस अब निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की बात कह रही है।

खान सर के बयानों में विरोधाभास पर उठे सवाल

घटना के तुरंत बाद खान sir ने दावा किया था कि कोचिंग सेंटर के बाहर कई राउंड फायरिंग हुई थी। बाद में उन्होंने कहा कि अफरातफरी के माहौल में उन्हें जो जानकारी मिली थी, उसी आधार पर उन्होंने बयान दिया था। अब एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने फिर कहा है कि उनके सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। इस बदलते रुख को भी पुलिस जांच का हिस्सा माना जा रहा है।2 जून की रात खान एकेडमी के बाहर तोड़फोड़, पथराव एवं गार्ड से मारपीट की गई थी। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। खान एकेडमी के मैनेजर ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 3 जून को पुलिस ने रौशन सर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।

आगे क्या होगा?

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और हथियारों की FSL जांच के आधार पर मामले को आगे बढ़ा रही है। FIR में गंभीर धाराएं जोड़े जाने के बाद आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई और अदालत की प्रक्रिया इस मामले की दिशा तय करेगी। मामला सिर्फ एक कोचिंग सेंटर विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब यह बिहार की सबसे चर्चित कानूनी और राजनीतिक बहसों में शामिल होता जा रहा है।