बोकारो: सिर्फ ₹1 में बाबा गौरीनाथ के दर्शन, हजारों शिवभक्तों के लिए युवा लायंस फोर्स की अनोखी सेवा

युवा लायंस फोर्स 9 अगस्त 2026 को मात्र 1 रुपये में हजारों शिवभक्तों को बाबा गौरीनाथ धाम दर्शन कराएगा। श्रद्धालुओं को पोशाक, कांवर, वाहन, चिकित्सा, भोजन सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। कांड्रा में विशाल सेवा शिविर और बाइक सेवा दल भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

बोकारो: सिर्फ ₹1 में बाबा गौरीनाथ के दर्शन, हजारों शिवभक्तों के लिए युवा लायंस फोर्स की अनोखी सेवा
14वें साल भी हजारों शिवभक्तों की सेवा करेगा युवा लायंस फोर्स।

Advertisement

       HighLights:

  • 9 अगस्त को मात्र ₹1 में बाबा गौरीनाथ धाम दर्शन के लिए रवाना होगा बोलबम जत्था
  • पोशाक, गमछा, कांवर, वाहन, चिकित्सा, फल, मिठाई सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी
  • इस बार कांड्रा के पास विशाल सेवा शिविर का होगा आयोजन

बोकारो (Threesocieties.com Desk): सावन माह में शिवभक्तों की सेवा के लिए समर्पित युवा लायंस फोर्स एक बार फिर अपनी अनूठी पहल को आगे बढ़ाने जा रहा है। संगठन की केंद्रीय कमेटी की बैठक बोदरो स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अलकुशा पंचायत के मुखिया रोहित रजक ने की, जबकि संचालन रंजीत शर्मा ने किया। बैठक में युवा लायंस फोर्स के केंद्रीय अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता देव शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: हंटरगंज बाईपास को ले MP कालीचरण सिंह ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग

बैठक को संबोधित करते हुए देव शर्मा ने घोषणा की कि 9 अगस्त 2026 (रविवार) को संगठन की ओर से हजारों श्रद्धालुओं को मात्र एक रुपये में बाबा गौरीनाथ धाम के दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस सेवा यात्रा में श्रद्धालुओं को पोशाक, गमछा, कांवर, वाहन, चिकित्सा सुविधा, फल, मिठाई तथा अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी भी शिवभक्त को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

देव शर्मा ने कहा कि युवा लायंस फोर्स पिछले 14 वर्षों से लगातार इस सेवा कार्य को निभा रहा है। इस पहल का उद्देश्य उन गरीब, असहाय एवं दूरदराज़ के ग्रामीण श्रद्धालुओं तक धार्मिक सेवा पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण बाबा भोलेनाथ के दर्शन नहीं कर पाते।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को बंगला सावन की अंतिम सोमवारी पर आयोजित किया जाना था, लेकिन चास के समाजसेवी एवं डाक बम सेवा समिति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले शिवभक्त अजय राय के असामयिक निधन के कारण कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया। उनकी स्मृति को सम्मान देते हुए केवल शोभायात्रा स्थगित की गई है, जबकि सेवा कार्य पूर्व निर्धारित रूप से जारी रहेगा।

देव शर्मा ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं के पोशाक, कांवर एवं अन्य सामग्री एक दिन पहले ही उनके घरों तक पहुंचा दी जाएगी, ताकि यात्रा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा पहली बार कांड्रा के समीप विशाल सेवा शिविर लगाया जाएगा, जहां झारखंड के प्रसिद्ध भक्ति गायक सुदेश सिंह अपनी प्रस्तुति देंगे और पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि सेवा शिविर के साथ-साथ वाहन सेवा दल भी पूरी तरह सक्रिय रहेगा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था भी संगठन करेगा। वहीं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जहां चारपहिया वाहन नहीं पहुंच पाते, वहां पहली बार बाइक सेवा दल तैनात किया जाएगा, जो दामोदर नदी से बाबा गौरीनाथ धाम तक लगातार भ्रमण कर जरूरतमंद शिवभक्तों की सहायता करेगा।

बैठक के अंत में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सभी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर युवा लायंस फोर्स के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस सेवा यात्रा का लाभ उठाने की अपील की है।