हंटरगंज बाईपास को ले MP कालीचरण सिंह ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग
चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हंटरगंज बाईपास परियोजना का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की। डीपीआर, भूमि अधिग्रहण और फोरलेन बाईपास निर्माण की प्रगति पर भी जानकारी मांगी गई।
HighLights:
- सांसद कालीचरण सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात
- हंटरगंज बाईपास परियोजना का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग
- डीपीआर, भूमि अधिग्रहण और प्रशासनिक स्वीकृतियों की स्थिति की जानकारी मांगी
नई दिल्ली/चतरा (Threesocieties.com Desk): चतरा लोकसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित हंटरगंज बाईपास परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। इस दौरान सांसद ने केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराने और आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: धनबाद में तीन दिवसीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 शुरू,आधुनिक पुलिसिंग की तकनीकों पर होगी कड़ी परीक्षा

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि हंटरगंज बाईपास की स्वीकृति की घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी थी। अब यह जानकारी सामने आ रही है कि परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को हस्तांतरित किया जा रहा है, ताकि इसका निर्माण आधुनिक फोरलेन बाईपास के रूप में किया जा सके। उन्होंने इसे चतरा और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना बताया।
रोजाना लगता है लंबा जाम
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि हंटरगंज बाजार से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े, मालवाहक और यात्री वाहन गुजरते हैं। लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण यहां अक्सर लंबा जाम लगता है। इससे आम लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों और राहगीरों को भारी परेशानी होती है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से भारी वाहनों का दबाव बाजार क्षेत्र से कम होगा, जिससे यातायात सुगम होगा और लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
डीपीआर और भूमि अधिग्रहण की जानकारी मांगी
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से परियोजना की डीपीआर (Detailed Project Report), प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियों की प्रगति, भूमि अधिग्रहण की वर्तमान स्थिति तथा निर्माण कार्य शुरू होने की संभावित समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।उन्होंने यह भी आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर बहुप्रतीक्षित हंटरगंज बाईपास परियोजना का निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कराया जाए, ताकि वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा किया जा सके।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि हंटरगंज बाईपास केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि यह पूरे चतरा लोकसभा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का आधार बनेगी। इसके निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र में निवेश और विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगी, जिससे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सके।
News Desk 



