धनबाद: मजदूर शंकर मल्लिक की मौत पर मेयर संजीव सिंह का एक्शन, संवेदक गुरपाल सिंह का दोनों काम बंद

शंकर मल्लिक की मौत के मामले में चौथे दिन भी तासरा साइडिंग में गतिरोध जारी रहा। मुआवजा और नियोजन की मांग के बीच मेयर संजीव सिंह ने संवेदक गुरपाल सिंह के दो कार्य बंद करा दिए।

धनबाद: मजदूर शंकर मल्लिक की मौत पर मेयर संजीव सिंह का एक्शन, संवेदक गुरपाल सिंह का दोनों काम बंद
शंकर मल्लिक के शव के साथ चौथे दिन भी तासरा साइडिंग में डटे रहे परिजन।

Advertisement

       HighLights:

  • मुआवजा और आश्रित को नियोजन देने की मांग पर अड़े ग्रामीण
  • मेयर संजीव सिंह ने तासरा पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की
  • संवेदक गुरपाल सिंह के चंदन प्रोजेक्ट का काम कराया बंद
  • मेयर ने कहा- आम लोगों की परेशानी की कीमत पर काम नहीं होने दिया जाएगा।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): सेल चासनाला कोलियरी के तासरा रेलवे साइडिंग में कार्यरत 35 वर्षीय मजदूर शंकर मल्लिक की मौत के मामले में चौथे दिन भी गतिरोध बना रहा। मुआवजा और मृतक के आश्रित को नियोजन देने की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण शव के साथ तासरा साइडिंग में डटे रहे। इसी बीच धनबाद के महापौर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए संवेदक गुरपाल सिंह से जुड़े दो अलग-अलग कार्यों को बंद करा दिया। महापौर ने स्पष्ट कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय और उसका हक दिलाने के लिए वह उनके साथ खड़े हैं।

तासरा साइडिंग में चौथे दिन भी शव के साथ डटे रहे परिजन

शंकर मल्लिक की मौत के बाद से ही उनके परिजन और ग्रामीण मुआवजा तथा आश्रित को रोजगार देने की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को भी चौथे दिन शव तासरा रेलवे साइडिंग में रखा रहा। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव और गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और उसके आश्रित को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा न हो।

इससे पहले झरिया विधायक रागिनी सिंह भी तासरा साइडिंग पहुंची थीं। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद विधायक ने सेल के कार्यपालक निदेशक कार्यालय में प्रबंधन के अधिकारियों से वार्ता की और मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा एवं आउटसोर्सिंग में रोजगार देने की मांग रखी।

महापौर ने संवेदक के चंदन प्रोजेक्ट का काम कराया बंद

शुक्रवार को मेयर संजीव सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदक गुरपाल सिंह के कार्यों पर कार्रवाई की। वह सुदामडीह स्थित चंदन प्रोजेक्ट पहुंचे, जहां गुरपाल सिंह का काम चल रहा था। महापौर ने मौके पर पहुंचकर कार्य को बंद करा दिया। मेयर ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि क्षेत्र में चल रहे कार्यों को लेकर उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संजीव ने कहा कि आम लोगों की परेशानी की कीमत पर किसी भी तरह का काम नहीं चलने दिया जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

सड़क काटे जाने के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन

चंदन प्रोजेक्ट पहुंचने पर महापौर को जानकारी मिली कि पार्षद 51 वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्रामीण सुदामडीह हाटतल्ला से भौरा जाने वाली सड़क काटे जाने का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि सड़क काटे जाने से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद महापौर ने संबंधित कार्य को भी तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया।

इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति और आवागमन से जुड़ी अपनी परेशानियां महापौर के सामने रखीं। महापौर ने कहा कि विकास कार्य के नाम पर आम जनता की सुविधा से समझौता नहीं किया जा सकता। पहले लोगों की समस्या का समाधान जरूरी है, उसके बाद ही संबंधित कार्य आगे बढ़ना चाहिए।

शाम को तासरा पहुंचे मेयर, परिजनों से की मुलाकात

शाम करीब पांच बजे मेयर संजीव सिंह तासरा साइडिंग पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और शव के पास बैठे मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वह इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ हैं। उन्होंने तत्काल पंखे और भोजन की व्यवस्था कराने की बात भी कही। मेयर ने कहा कि चार दिनों से शव पड़ा होना बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। पीड़ित परिवार को उसका अधिकार और न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मृतक के परिजनों के हक की लड़ाई में वह उनके साथ खड़े रहेंगे।

एक ही संवेदक के दो कार्यों पर कार्रवाई से बढ़ा विवाद

शुक्रवार को हुई कार्रवाई के बाद मामला और गरमा गया है। एक ओर शंकर मल्लिक की मौत के बाद मुआवजा और नियोजन की मांग को लेकर परिजन शव के साथ बैठे हैं, वहीं दूसरी ओर सुदामडीह में सड़क काटे जाने को लेकर ग्रामीणों का विरोध सामने आया।दोनों मामलों में संवेदक के तौर पर गुरपाल सिंह का नाम सामने आने के बाद महापौर ने दोनों स्थानों पर संबंधित कार्य बंद करा दिए। इस कार्रवाई के बाद अब सबकी नजर सेल प्रबंधन और संवेदक की अगली पहल पर है। मृतक के परिजनों की मांग है कि मामले का जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि शव का अंतिम संस्कार किया जा सके। वहीं ग्रामीणों ने भी सड़क और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की है।

मौके पर पार्षद 51 वीरेंद्र यादव, विधायक प्रतिनिधि उमेश यादव, विधायक प्रतिनिधि अभिषेक पांडेय, अजीत महतो, चीकू महतो, साजन सिंह, सुकेश महतो, मुकेश ओझा, कृष्णा ओझा, रजत ओझा, सुधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद रहे।