जम्मू-कश्मीर: कई पाबंदियां हटाई गईं, इंटरनेट सेवा हुई बहाल, 96 टेलीफोन एक्सचेंज में से 17 चालू,सोमवार को खोले जायेंगे 190 प्राइमरी स्कूल
जम्मू-कश्मीर में शनिवार को कई पाबंदियां हटायी गयी. इंटरनेट व टेलीफोन फोन सेवायें बहाल कर दी गयी. घाटी में 96 में से 17 टेलीफोन एक्सचेंज से सेवा बहाल कर दी गयी है. श्रीनगर के 190 प्राइमरी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो जायेगी. सीनियर क्लासेज के स्कूल कुछ दिन बाद खोले जायेंगे. जितने दिनों तक स्कूल बंद रहे हैं,उनके बदले इस महीने बाद में पूरक कक्षायें लगाई जायेंगी. जिन क्षेत्रों में विद्यालय खोले जाएंगे उनमें लासजान, सांगरी, पंथचौक, नौगाम, राजबाग, जवाहर नगर, गगरीबाल, धारा, थीड, बाटमालू और शाल्टेंग शामिल हैं. कुछ अन्य पाबंदियों में भी ढील देने की तैयारी चल रही है. लोकल प्रशासन अधिकारी इसके लिए हालात का जायजा ले रहे हैं. जम्मू-कश्मीर के प्रिंसिपल सेक्रटरी रोहित कंसल और श्रीनगर के डिविजनल कमिश्नर बशीर खान ने शनिवार शाम एक ज्वाइंस प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.
प्रिंसिपल सेक्रटरी रोहित कंसल ने कहा कि शनिवार शाम से 23 हजार लैंड लाइन कनेक्शन काम करने लगें हैं. हम उम्मीद कर रहे हैं जिन इलाकों में आज पाबंदियों में छूट दी गई थी उनमें कल भी छूट जारी रहेगी. 35 पुलिस थाना क्षेत्रों में ढील दी गईहै. लोकल अफसर हालात का जायजा लेकर नए क्षेत्रों में ढील देने पर विचार करेंगे. उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पाबंदियों में ढील दी गई है अभी तक उन इलाकों में किसी घटना की सूचना नहीं है.। लेकिन जहां छूट नहीं दी गई वहां से कुछ गड़बड़ी की घटनाओं की खबर आई है. इनमें आठ जख्मी हुए हैं सबकी हालत स्थिर है. हम लोग सोमवार से स्कूल खोलने की योजना बना रहे हैं जिसके लिए जरूरी कदम उठाये गये हैं. ए गए हैं। हाजी कल लौट रहे हैं जिनके लिए उचित प्रबंध किया गया है.
हज यात्रियों की वापसी का इंतजाम
श्रीनगर के डिविजनल कमिश्नर बशीर खान ने बताया कि हाजियों की वापसी की तैयारियों पर, 'हम रविवार को होने वाली हज यात्रियों की वापसी के लिए तैयार हैं. उन्हें उनकी मंजिलों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त बसों का इंतजाम किया जा चुका है. चीजों का वितरण किया जा रहा था. अब प्राइवेट दुकानें भी खुल गई हैं आगे और भी खुलेंगी।.अगला कदम सोमवार से स्कूल खोलने का है, इसके लिए जिला स्तर के अधिकारियों से बातचीत की गई है. धीरे-धीरे सभी स्कूल खोले जायेंगे.जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, रियासी, कठुआ, सांबा और जम्मू शहरों में शनिवार से 2जी इंटरनेट सेवा शुरू की गई है. इसके साथ-साथ इन इलाकों में किसी प्रकार की पाबंदियां भी नहीं लगाई गई हैं. कश्मीर में इंटरनेट सेवाओं को बहाल करने का फैसला कानून व्यवस्था की स्थितियों की समीक्षा के बाद किया जायेगा.हिरासत में लिए गए लोगों को भी हालात के अनुसार ही रिहा कराने पर विचार होगा.
घाटी में तनाव के बावजूद कोई बड़ा हिंसक प्रदर्शन न होने और कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में जनसहयोग का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने भी प्रशासनिक पाबंदियों को हटाना शुरु कर दिया है. सामान्य जनजीवन पर इसका असर हो रहा है. विभिन्न इलाकों में दुकानें खुल रही हैं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी बढ़ रही है. राजधानी श्रीनगर के अलावा उत्तरी कश्मीर में एलओसी के साथ सटे केरन, टंगडार समेत विभिन्न इलाकों में आज 17 टेलीफोन एक्सचेंज को पूरी तरह क्रियाशील बनाया गया. पूरी वादी में 35 थाना क्षेत्रों में भी प्रशासनिक पाबंदियों में ढील दी गई है, जिसे धीरे धीरे बढ़ाया जा रहा है.्फसरों का कहना है कि हालात की लगातार समीक्षा हो रही है. अगर स्थिति यूं ही शांत व सामान्य रहती है तो फिर मोबाईल फोन व इंटरनेट सेवा को भी बहाल करने पर विचार किया जायेगा.फिलहाल, जम्मू संभाग के पांच जिलों में मोबाईल इंटरनेट सेवा भी बहाल कर दी गई है. अगले एक सप्ताह के दौरान पूरी वादी में अकादमिक गतिविधियां बहाल करने के लिए विभिन्न जिलों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरुप क्रमानुसार स्कूल कालेज खोलने का फैसला किया गया है. जम्मू में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली है. नेट बैंकिंग, ऑन लाइन शॉपिंग के साथ पेट्रोल पंपों व शोरूम में पॉज मशीनें चलने से कारोबार को भी राहत मिली है.




