धनबाद:कांग्रेस के मुस्लिम नेताओं ने मन्नान को टिकट नहीं देने की मांग की,ओवैसी की पार्टी चलाने का आरोप
- मन्नान मल्लिक के बेटे हुबान हैं एआइएमआइएम के झारखंड चीफ
- 80 साल के मन्नान चलने में भी असमर्थ अब युवाओं को मौका देने की मांग
- सोनिया गांधी से मिलकर शिकायत की जायेगी
कांग्रेस के मुस्लिम नेताओं ने एक्स मिनिस्टर मो मन्नान मल्लिक द्वारा फिर से धनबाद विधानसभा क्षेत्र से फिर से दावा ठोके जाने का विरोध किया है. पार्टी के मुस्लिम नेताओं ने विरोध किया है. जिला व प्रदेश लेवल के नेताओं ने अलकमान से मन्नान को टिकट नहीं देने की मांग की है. कांग्रेस के अल्पसंख्यक नेताओं ने मन्नान मल्लिक व उनके पुत्र बॉबी मल्लिक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी को ब्लैकमेल करने का आरोप लगया है. जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राशिद रजा अंसारी, जेपीसीसी डेलीगेट शमशेर आलम, जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष बाबू अंसारी समेत अन्य ने मन्नान के खिलाफ मोरचा खोलते हुए शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेस की. जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने कहा कि मन्नान मलिक काफी वृद्ध हो चुके हैं. उनकी आयु भी 80 वर्ष से अधिक हो चुकी है. वह अक्सर बीमार रहते हैं और ठीक से चल भी नहीं पाते हैं. अब उन्हें नौजवानों को चुनाव में भाग्य आजमाने का मौका देना चाहिए. मन्नान मलिक स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं.उन्होंने कहा कि 2009 के चुनाव में ही मन्नान ने कहा था कि उनका अंतिम चुनाव है. धनबाद की जनता ने उन्हें विधायक बनाया, महागठबंधन की सरकार में वह मिनिस्टर भी बने. पांच साल तक बेटे के साथ मिलकर सिर्फ ठेकेदारी की. इसी कारण वह 2014 के चुनाव में 51 हजार मतों से हार गये. 2014 के चुनाव में नौजवानों को मौका नहीं दिया. अब फिर से 2019 विधानसभा चुनाव में टिकट मांग रहे हैं. ओवैसी का एजेंट हैं पिता-पुत्र राशिद रजा आरोप लगाया कि मन्नान मल्लिक व उनके पुत्र हुबान मल्लिक उर्फ बॉबी मल्लिक ओवैसी के एजेंट बनकर बीजेपी को फायदा पहुंचाने में लगे हैं. मन्नान अपने बेटे हुब्बान के साथ मिलकर असदुद्दीन ओवैसी ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएमम चला रहे हैं. मन्नान अपने घर से ही एआइएमआइएम प्रदेश कार्यालय चला रहे हैं. बेटा पार्टी एआइएमआइएमम का प्रदेश अध्यक्ष है.मन्नान का बेटा बार-बार धमकी दे रहा है कि पिता को कांग्रेस से टिकट नहीं मिला तो सूबे में पचास सीटों से चुनाव लड़कर कांग्रेस को हराने का काम करेंगे. राशिद रजा ने पार्टी से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने एक भी अल्पसंख्यक को टिकट नहीं दिया, विधानसभा चुनाव में धनबाद में एक विधानसभा सीट पर अल्पसंखयक को कैंडिडेट बनाया जाना चाहिए. मेयर के चुनाव में 56 हजार वोट लाया हूं विधानसभा में टिकट मिले: शमशेर जेपीसीसी डेलीगेट शमशेर आलम ने कहा है कि मन्नान मल्लिक को कांग्रेस ने सब कुछ दिया. लगातार हारनेके बावजूद पार्टी टिकट देती रही. पार्टी ने एमएलए व मिनिस्टर बनाया. लगभग ढाई दशक तक जिला कांग्रेस अध्यक्ष रखा. मन्नान ने कार्यकर्ता व पार्टी को देने को बजाय सब कुछ अपने बेटे को दिया. वह पिछली बार मेयर का चुनाव लड़ रहे थे तो मन्नान ने विरोध किया. बावजूद वह 56 हजार वोट लाये. वह झरिया से विधानसभा के टिकट के दावेदार हैं. पार्टी धनबाद से मन्नान को टिकट नहीं दे. झरिया से मुझे कैंडिडेट बनाये तो जीत हासिल कर दिखाउंगा. प्रेस कांफ्रेस में इरफान आलम, एकराम कुरैशी, शमीम, मुन्ना अंसारी, मुस्तफा अंसारी, हैदर कुरैशी, रशीद खान, शहजाद अंसारी, निसार अंसारी, अमजद अली समेत अन्य उपस्थित थे.




