धनबाद में प्रिंस खान के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधियों को पैर में लगी गोली

Dhanbad News: बरवाअड्डा में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के गुर्गों के बीच मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों लेवी वसूलने जा रहे थे।

धनबाद में प्रिंस खान के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधियों को पैर में लगी गोली
मौके पर पहुंचे एसएसपीस सिटी एसपी व डीएसपी।

Advertisement

      Highlights:

  • बरवाअड्डा में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के बीच मुठभेड़
  • दो अपराधियों इरफान अंसारी और नन्हें अंसारी के पैर में लगी गोली
  • पुलिस के अनुसार दोनों लेवी वसूलने जा रहे थे
  • मुठभेड़ में पुलिस की गाड़ी पर भी गोली लगने की सूचना

धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयला राजधानी धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। कुड़मीडीह कृषि बाजार समिति के पीछे हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल अपराधियों की पहचान वासेपुर नूरी मस्जिद रोड निवासी इरफान आलम उर्फ टुन्ना व पुटकी निवासी नन्हे उर्फ नाजिर अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार इरफान आलम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा चर्चित नन्हे खान हत्याकांड समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोप है कि दोनों अपराधी बाइक ( JH 10 DK 7487) पर सवार होकर एक जमीन कारोबारी से लेवी वसूलने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की जानकारी मिली और पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी।

लेवी वसूलने जा रहे थे दोनों अपराधी

एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी गोपी खान व प्रिंस खान गिरोह के लिए लेवी वसूलने के लिए निकले थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी साजिश में गिरोह के कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों अपराधी कथित तौर पर प्रिंस खान के भाई गोपी खान से फोन पर बातचीत कर रहे थे। पुलिस इस कॉल और दोनों के मोबाइल फोन की जांच के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस की गाड़ी पर भी चली गोली

मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग होने की सूचना है। पुलिस की गाड़ी पर भी गोली लगने की बात सामने आई है। जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों घायल अपराधियों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया।

हथियार और कारतूस की जांच

घटनास्थल पर पुलिस और जांच टीम ने साक्ष्य जुटाए। हथियार और कारतूस मिलने की भी सूचना है। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ-साथ बरामद हथियारों और अन्य सामान की भी पड़ताल कर रही है। मुठभेड़ के बाद आसपास के इलाकों में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

प्रिंस खान नेटवर्क पर पुलिस की नजर

धनबाद पुलिस लंबे समय से प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ अभियान चला रही है। लेवी वसूली, रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल गिरोह के सदस्यों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बरवाअड्डा की ताजा मुठभेड़ को भी इसी अभियान की कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घायल दोनों अपराधियों के अलावा गिरोह के कितने सदस्य इलाके में सक्रिय हैं और उनके संपर्क किन लोगों से हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और रंगदारी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।