गिरिडीह में मौत बनकर दौड़ा कोयला लदा ट्रक, पांच की दर्दनाक मौत; मुआवजे की मांग पर GT रोड जाम

झारखंड के गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोयला लदा बेकाबू ट्रक GT रोड पर राहगीरों और 13 वाहनों को रौंदते हुए निकल गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

गिरिडीह में मौत बनकर दौड़ा कोयला लदा ट्रक, पांच की दर्दनाक मौत; मुआवजे की मांग पर GT रोड जाम
मौके पर जुटी लोगों की भीड़।
  • एक किलोमीटर तक लोगों को रौंदता गया बेकाबू ट्रक
  • नशे में था ट्रक चालक ,डुमरी से इसरी बाजार तक मौत का तांडव

गिरिडीह (Threesocieties.com Desk): झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार रात GT रोड पर ऐसा दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार पुल के पास एक कोयला लदा बेकाबू ट्रक मौत बनकर सड़क पर दौड़ पड़ा। ट्रक ने राहगीरों समेत कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: धनबाद: गैगस्टर प्रिंस खान पर शिकंजा,वासेपुर के घर की कुर्की-जप्ती, पाकिस्तान में छिपे होने का दावा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक डुमरी बस स्टैंड से लेकर इसरी बाजार तक लगभग एक किलोमीटर तक अनियंत्रित हालत में दौड़ता रहा और रास्ते में आने वाले लोगों व वाहनों को कुचलता गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। सड़क पर खून और क्षतिग्रस्त वाहनों का मंजर देखकर लोगों की रूह कांप उठी।

13 वाहनों को रौंदते हुए आगे बढ़ा ट्रक

जानकारी के अनुसार, हजारीबाग नंबर (JH 02BL 1853 H) का कोयला लदा ट्रक डुमरी की ओर से इसरी बाजार जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने करीब 13 वाहनों को टक्कर मार दी। कई बाइक और अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक चालक बेहद तेज गति में था और लोगों को बचाने की बजाय लगातार वाहन भगाता रहा। हादसे के बाद चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

मृतकों के घरों में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वालों में आफिसर कॉलोनी निवासी सुजीत कुमार, नावाटांड़ निवासी कारी मोहम्मद इरशाद अंसारी, गिरिडीह निवासी रंजीत कुमार और घुटवाली निवासी संतोष कुमार महतो शामिल हैं। वहीं एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। अस्पताल में रोते-बिलखते परिजनों का दृश्य बेहद मार्मिक था। कई घायल अभी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

घायलों को धनबाद रेफर

घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कई लोगों को धनबाद SNMMCH रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

“नशे में था चालक” — डीसी

गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। डीसी ने कहा कि मृतकों के परिजनों और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पहले वाहन को मारी टक्कर, फिर मचाई तबाही

डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि ट्रक चालक ने डुमरी के पास पहले एक वाहन को टक्कर मारी थी। इसके बाद वह वहां से भागने लगा। इसी दौरान इसरी बाजार पहुंचते-पहुंचते उसने कई वाहनों और राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने ट्रक और चालक दोनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर GT रोड जाम कर दिया। लोग दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। घंटों तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की।

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे

GT रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार लोगों की जान ले रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर कोयला और मालवाहक ट्रक तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की जांच और स्पीड कंट्रोल की मांग की है।