धनबाद में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर प्रशासन सख्त, कहा- सप्लाई पूरी तरह सामान्य
धनबाद में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में तेल कंपनियों ने बताया कि अफवाहों के कारण पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
धनबाद( (Threesocieties.com Desk): जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:धनबाद:झरिया में सांसद ढुल्लू महतो का भव्य स्वागत, विरोधियों को मंच से दी खुली चुनौती

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारीआदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के वरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव तथा अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे भी शामिल हुए। उपायुक्त इस बैठक में ऑनलाइन जुड़े रहे।
अफवाहों ने बढ़ाई परेशानी, पंपों पर उमड़ी भीड़
बैठक के दौरान प्रशासन ने तेल कंपनियों से पूछा कि बुधवार को जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर अचानक वाहनों की लंबी कतारें क्यों लग गईं। इस पर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल-डीजल की सप्लाई में कोई कमी नहीं थी, बल्कि अफवाहों के कारण लोग घबराकर बड़ी मात्रा में ईंधन भराने पहुंच गए थे।
कंपनियों ने बताया कि सामान्य दिनों में कम मात्रा में ईंधन भराने वाले लोग भी बुधवार को अतिरिक्त पेट्रोल और डीजल भराने लगे। इसके कारण कई पेट्रोल पंपों पर अचानक दबाव बढ़ गया और सामान्य व्यवस्था प्रभावित हुई।
एक दिन में हुई चार दिनों जितनी बिक्री
तेल कंपनियों ने प्रशासन को जानकारी दी कि अफवाहों के कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर एक ही दिन में चार दिनों के बराबर ईंधन की बिक्री हुई। हालांकि सप्लाई लगातार जारी रही और किसी भी पंप पर स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति नहीं बनी। प्रबंधन ने यह भी बताया कि धनबाद जिले के लिए अतिरिक्त ईंधन की आपूर्ति की गई है ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। कंपनियों ने कहा कि वे ऑनलाइन सिस्टम के जरिए हर रिटेल आउटलेट के स्टॉक पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
प्रशासन ने पेट्रोल पंपों को दी सख्त चेतावनी
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने स्पष्ट कहा कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक जिला प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियां सभी रिटेल आउटलेट्स पर लगातार निगरानी रखेंगी। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। साथ ही पंप संचालकों को नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद जानबूझकर ग्राहकों को ईंधन नहीं दिया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों से की गई अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
बैठक में बीपीसीएल के टेरिटरी मैनेजर श्री मनीष कुमार गर्ग, एचपीसीएल के रीजनल मैनेजर अमित मेहता और आईओसीएल के डिविजनल मैनेज रसुयांश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






