धनबाद: केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे पहुंचे सिंह मेंशन,रागिनी सिंह व संजीव सिंह ने किया भव्य स्वागत

धनबाद दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे का सिंह मेंशन में झरिया विधायक रागिनी सिंह और मेयर संजीव सिंह ने स्वागत किया। बैठक में झरिया की आग, भू-धंसान, विस्थापन, पुनर्वास और केंदुआडीह सड़क समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।

धनबाद: केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे पहुंचे सिंह मेंशन,रागिनी सिंह व संजीव सिंह ने किया भव्य स्वागत
कोयलांचल के मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री संग मंथन।
  • मेयर व एमएलए की मंत्री के साथ झरिया की आग-भूधंसान और विस्थापन पर हुई चर्चा
  • झरिया की पीड़ा पर केंद्र गंभीर! मंत्री सतीश दुबे ने समाधान का दिया भरोसा

धनबाद (Threesocieties.com Desk): केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के धनबाद आगमन पर कोयलांचल की राजनीति और जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण मुलाकात देखने को मिली। झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं धनबाद मेयर संजीव सिंह ने अपने आवास सिंह मेंशन में केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र के कई गंभीर और वर्षों पुराने मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें: झारखंड HC का बड़ा फैसला: पुलिस-जेल कस्टडी में मौत या रेप पर अब ज्यूडिशियल जांच अनिवार्य

बैठक के दौरान झरिया और आसपास के कोयलांचल क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, जनता की परेशानियां, आग और भू-धंसान जैसी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि क्षेत्र के लोग आज भी असुरक्षा और विस्थापन की समस्या से जूझ रहे हैं। कई इलाकों में भू-धंसान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों की जिंदगी खतरे में बनी हुई है।

केंदुआडीह सड़क की समस्या भी उठी

बैठक में केंदुआडीह क्षेत्र में भू-धंसान से प्रभावित सड़क का मामला भी प्रमुखता से रखा गया। स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे लोगों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इस समस्या के त्वरित समाधान की मांग केंद्रीय मंत्री से की गई।

झरिया की आग और विस्थापन बना बड़ा मुद्दा

झरिया क्षेत्र में वर्षों से धधक रही भूमिगत आग, लगातार हो रहे भू-धंसान, विस्थापन और पुनर्वास की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

रागिनी सिंह ने क्या कहा

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि कोयलांचल की समस्याएं दशकों पुरानी हैं, लेकिन आज भी लाखों लोग भय और असुरक्षा के बीच जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर पुनर्वास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि प्रभावित इलाकों में तेजी से कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए।

मेयर संजीव सिंह का बयान

धनबाद मेयर संजीव सिंह ने कहा कि कोयलांचल की वास्तविक स्थिति को केंद्र सरकार तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप और प्रयासों से क्षेत्र की आधारभूत समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि सड़क, सुरक्षा, पुनर्वास और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जल्द ठोस पहल होनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने दिया समाधान का भरोसा

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि कोयलांचल क्षेत्र की समस्याएं गंभीर हैं और केंद्र सरकार इन मुद्दों को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि प्रभावित लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झरिया और आसपास के क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।